बड़ी खबर: आमेर महल-हवामहल में प्री-वेडिंग शूट कराना अब जेब पर पड़ेगा भारी, दोगुना हुआ शुल्क, जानें कब से लागू होंगे नए रेट्स!

Jul 4, 2026 - 20:10
Jul 4, 2026 - 22:34
 0
बड़ी खबर: आमेर महल-हवामहल में प्री-वेडिंग शूट कराना अब जेब पर पड़ेगा भारी, दोगुना हुआ शुल्क, जानें कब से लागू होंगे नए रेट्स!

अनन्य सोच। अगर आप भी अपनी शादी की यादों को जयपुर के शाही किलों और महलों में कैद करने का सपना देख रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। शहर के मशहूर ऐतिहासिक स्मारकों में प्री और पोस्ट वेडिंग शूटिंग (Pre and Post Wedding Shooting) अब पहले से कहीं ज्यादा महंगी होने जा रही है।

दरअसल, जयपुर के आमेर महल (Amer Fort), हवामहल स्मारक (Hawa Mahal), जंतर-मंतर स्मारक, नाहरगढ़ दुर्ग (Nahargarh Fort) और अल्बर्ट हॉल संग्रहालय (Albert Hall Museum) जैसे शाही ठिकानों पर प्री-वेडिंग शूट कराने का ट्रेंड बीते कुछ सालों में तेजी से बढ़ा है। कपल्स इन ऐतिहासिक इमारतों की भव्यता को अपनी शादी की तस्वीरों में समेटने के लिए खासे उत्साहित रहते हैं। लेकिन अब इस शौक को पूरा करने के लिए जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी होगी।

अभी तक इन स्मारकों पर प्री और पोस्ट वेडिंग शूटिंग के लिए विभाग की ओर से 5,000 रुपए प्रति दो घंटे का शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब यह राशि सीधे दोगुनी होकर 10,000 रुपए प्रति दो घंटे (मॉन्यूमेंट टाइमिंग के अनुसार) कर दी गई है। यानी कपल्स को अब अपने ड्रीम प्री-वेडिंग शूट के लिए पहले से दोगुना भुगतान करना पड़ेगा।

सिर्फ वेडिंग शूट ही नहीं, बल्कि टीवी डॉक्यूमेंट्री शूटिंग (TV Documentary Shooting) के शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है। विभाग के आमेर महल को छोड़कर बाकी सभी संरक्षित स्मारकों और संग्रहालयों में राजस्थानी, भारतीय और विदेशी डॉक्यूमेंट्री शूटिंग के लिए अब ज्यादा चार्ज देना होगा।

इसके अलावा एक और बड़ा बदलाव कमर्शियल फोटोग्राफी (Commercial Photography) को लेकर किया गया है। व्यवसायिक, प्रमोशनल और विज्ञापन से जुड़ी स्टिल फोटोग्राफी के लिए अब सीधे 15,000 रुपए का शुल्क निर्धारित कर दिया गया है, जो पहले की तुलना में काफी अधिक है।

सबसे अहम बात यह है कि यह नई दरें कोई भविष्य की योजना नहीं, बल्कि बेहद जल्द लागू होने वाली हैं। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग (Archaeology and Museums Department) की निदेशक डॉ. पंकजा धरेन्द्र ने शुक्रवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं और बढ़ाई गई दरें 6 जुलाई से पूरे प्रदेश में लागू हो जाएंगी। ऐसे में जो कपल्स इन ऐतिहासिक स्मारकों पर सस्ते में शूट कराने की योजना बना रहे थे, उन्हें अब जल्द फैसला लेना होगा