National Chief Secretaries Conference 2026: छठे राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन की तैयारी तेज, राजस्थान के 5 प्राथमिक क्षेत्रों पर मंथन

दिसंबर में प्रस्तावित छठे राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन को लेकर राजस्थान में तैयारियां शुरू, पांच प्राथमिक क्षेत्रों पर हुई चर्चा।

Sep 29, 2026 - 15:23
Sep 29, 2026 - 15:31
 0
National Chief Secretaries Conference 2026: छठे राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन की तैयारी तेज, राजस्थान के 5 प्राथमिक क्षेत्रों पर मंथन
राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शासन सचिवालय में बैठक।

अनन्य सोच। National Chief Secretaries Conference 2026: आगामी दिसंबर में प्रस्तावित छठे राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन को लेकर राजस्थान में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में शासन सचिवालय में हुई बैठक में राज्य की प्रभावी भागीदारी, पांच प्राथमिक क्षेत्रों और सम्मेलन के विभिन्न सत्रों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

सभी विभाग मिलकर पूरी करें तैयारियां

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन की तैयारियों में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक सूचनाएं, सुझाव और प्रस्तुतियां तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा।

राजस्थान के 5 प्राथमिक क्षेत्र तय

बैठक में विकसित भारत@2047 के अनुरूप राजस्थान के पांच प्राथमिक क्षेत्रों पर चर्चा हुई। इनमें अक्षय एवं स्वच्छ ऊर्जा, पर्यटन, जलवायु अनुकूल कृषि, औद्योगिक विकास और उद्यानिकी आधारित कृषि विकास शामिल हैं। इन क्षेत्रों में राज्य की उपलब्धियों, संभावनाओं और आगामी कार्ययोजना पर भी विचार किया गया।

सम्मेलन में इन विषयों पर होगी चर्चा

रीति (राजस्थान इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांस्फॉरमेशन एण्ड इनोवेशन) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने सम्मेलन की प्रस्तावित रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्यों की प्राथमिकताएं, वित्तीय मजबूती में खनन की भूमिका, लीनियर इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में तेजी और शासन में तकनीक के उपयोग जैसे विषयों पर सत्र प्रस्तावित हैं।

पिछले अनुभवों को भी रखा जाएगा ध्यान में

मुख्य सचिव ने पिछले वर्ष हुए राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन के अनुभवों और प्राप्त दिशा-निर्देशों के आधार पर इस बार तैयारियों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। बैठक में सभी विभागों के प्रशासनिक सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।