अब यूपीएससी की तरह NTA भी लाया एग्जाम कैलेंडर, दिसंबर से मार्च तक होंगी 14 बड़ी परीक्षाएं

अगर आप कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। अब आपको हर परीक्षा की तारीख का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

Sep 18, 2026 - 17:30
Sep 18, 2026 - 19:13
 0
अब यूपीएससी की तरह NTA भी लाया एग्जाम कैलेंडर, दिसंबर से मार्च तक होंगी 14 बड़ी परीक्षाएं

अनन्य सोच । परीक्षाओं की तारीखों को लेकर लगने वाला असमंजस अब खत्म होने जा रहा है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पहली बार यूपीएससी की तरह अपना परीक्षा कैलेंडर जारी किया है। हालांकि यूपीएससी हर साल पूरे 12 महीने का कैलेंडर जारी करती है, जबकि NTA ने फिलहाल दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक के चार महीनों की टेंटेटिव तारीखें सार्वजनिक की हैं। इससे लाखों छात्रों को अपनी तैयारी की रणनीति समय रहते बनाने में मदद मिलेगी।

सबसे बड़ी खबर JEE मेन से जुड़ी है। जारी कैलेंडर के मुताबिक जेईई मेन 2027 का पहला सेशन 22 से 24 जनवरी और फिर 28 से 30 जनवरी के बीच आयोजित होगा, जबकि 31 जनवरी का दिन रिजर्व डे के रूप में रखा गया है। इस बार परीक्षा में करीब 17 लाख छात्रों के शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है, जो इसे देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में से एक बनाता है।

जेईई मेन से पहले भी छात्रों के लिए कई अहम परीक्षाएं होनी हैं। इंडियन मिलिट्री कॉलेज की परीक्षा 6 दिसंबर को होगी, जबकि राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल के लिए एग्जाम 13 दिसंबर को प्रस्तावित है। UGC NET परीक्षा 14 से 19 दिसंबर तक चलेगी, वहीं UGC-CSIR NET 20 और 21 दिसंबर को आयोजित होगी। इसके अलावा आर्मी कैडेट्स कॉलेज की परीक्षा 4 जनवरी को और NIFT एंट्रेंस टेस्ट 10 जनवरी को होगा। सैनिक स्कूल में एडमिशन के लिए भी परीक्षा जनवरी के आखिरी सप्ताह में आयोजित की जाएगी।

जेईई मेन के बाद फरवरी में NITTTT की परीक्षा 26 और 27 तारीख को होगी, जबकि मार्च में सबसे बड़ा शेड्यूल CUET-PG परीक्षा का रहेगा, जो 1 से 5 मार्च, 8 मार्च, 12 से 20 मार्च और फिर 24-25 मार्च तक कई चरणों में आयोजित की जाएगी। ऐसे में जो छात्र इन परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं, उनके लिए यह कैलेंडर एक तरह से रोडमैप का काम करेगा, जिससे वे अपना स्टडी शेड्यूल सही समय पर तय कर सकें।