आमेर फोर्ट में सजेगा पर्यटन का भव्य मंच, CM-डिप्टी CM समेत केंद्रीय मंत्री करेंगे शिरकत, जानें पूरा शेड्यूल

राजस्थान के टूरिज्म सेक्टर के लिए यह हफ्ता बेहद खास रहने वाला है। आमेर फोर्ट की ऐतिहासिक दीवारों के बीच होने जा रहा है कुछ ऐसा, जिस पर देशभर के पर्यटन कारोबारियों की नजर टिकी है।

Sep 16, 2026 - 17:12
Sep 16, 2026 - 17:15
 0
आमेर फोर्ट में सजेगा पर्यटन का भव्य मंच, CM-डिप्टी CM समेत केंद्रीय मंत्री करेंगे शिरकत, जानें पूरा शेड्यूल

अनन्य सोच । राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (RDTM) के छठे संस्करण का भव्य आगाज 17 सितंबर, गुरुवार को आमेर फोर्ट स्थित गणेश पोल पर शाम साढ़े पांच बजे से होगा। उद्घाटन के बाद जलेब चौक में सांस्कृतिक संध्या भी आयोजित की जाएगी। इस भव्य समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास को आमंत्रित किया गया है। इस साल मार्ट की थीम 'स्टोरीज, जर्नी, स्माइल्स' रखी गई है, जो राजस्थान के पर्यटन अनुभवों को नए अंदाज में पेश करेगी।

फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (FHTR) द्वारा राज्य सरकार के पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित यह मार्ट 19 सितंबर तक चलेगा। पर्यटन सचिव शुचि त्यागी के मुताबिक इस आयोजन में वाइल्डलाइफ, वेलनेस, एडवेंचर, रूरल, स्पिरिचुअल और हेरिटेज टूरिज्म जैसे विविध अनुभव एक साथ देखने को मिलेंगे। वहीं FHTR अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाहपुरा का कहना है कि इस बार मार्ट में पारंपरिक स्थलों के साथ-साथ राज्य के मेलों-त्योहारों और कम प्रसिद्ध डेस्टिनेशंस को भी खास तवज्जो दी जाएगी।

18 सितंबर को बी.एम. बिड़ला कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय एग्जीबिशन का उद्घाटन सुबह 10 बजे होगा, जिसके बाद रजिस्टर्ड बायर्स और सैलर्स के बीच सिलसिलेवार बिजनेस मीटिंग्स शुरू होंगी। इस बार देशभर से करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान की 700 से ज्यादा प्रॉपर्टीज व टूर कंपनियां हिस्सा लेंगी, जिनके बीच 21 हजार से अधिक बैठकें होने का अनुमान है। पहली बार इस मार्ट में वेडिंग और इवेंट इंडस्ट्री को भी शामिल किया गया है। इसी शाम राजस्थान पोलो क्लब ग्राउंड पर रोमांचक नाइट पोलो मैच का आयोजन भी होगा।

खास बात यह है कि 19 सितंबर को दोपहर 2 बजे से आम जनता के लिए भी एग्जीबिशन के दरवाजे खोल दिए जाएंगे, यानी अब आम पर्यटक भी इस भव्य आयोजन का हिस्सा बन सकेंगे।