PM मोदी की अपील का असर: अब सरकारी कार्यक्रमों में कटौती, अनावश्यक वाहनों के उपयोग पर लगेगी रोक
‘कम काफिला, ज्यादा जिम्मेदारी’: CM भजनलाल का बड़ा संदेश, राजस्थान में ईंधन बचत को लेकर सख्त निर्देश जारी
अनन्य सोच। प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील के बाद राजस्थान सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma ने नई दिल्ली दौरे के दौरान घोषणा की कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रहित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा समय-समय पर दिए गए संदेशों का सकारात्मक प्रभाव पूरे देश में दिखाई दे रहा है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर ईंधन बचत को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने खुद घटाया अपने काफिले का आकार
मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma ने कहा कि उन्होंने स्वयं अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम करने का फैसला लिया है। साथ ही राज्य के सभी अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी अब वाहनों के उपयोग में मितव्ययिता बरतेंगे। अनावश्यक वाहनों का उपयोग नहीं किया जाएगा और जरूरत के अनुसार ही सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल होगा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत को देखते हुए सरकारी कार्यक्रमों और आयोजनों की संख्या में भी कटौती की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आवश्यक कार्यक्रमों को ही प्राथमिकता दी जाए और अनावश्यक यात्राओं से बचा जाए।
ईंधन बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी फोकस
राज्य सरकार की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि सरकारी स्तर पर वाहनों का उपयोग कम होता है तो इससे कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी बचत की आदतें भी राष्ट्रहित में बड़ा योगदान दे सकती हैं। सरकार का उद्देश्य केवल खर्च कम करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था को बढ़ावा देना है।