राजस्थान की तीन बड़ी यूनिवर्सिटीज को मिले नए कुलगुरु! राज्यपाल बागडे ने जारी किए नियुक्ति आदेश, जानें किसे मिली कौनसी जिम्मेदारी

प्रदेश के उच्च शिक्षा जगत के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से खाली पड़े कुलगुरु के पदों को लेकर आखिरकार राज्यपाल की ओर से फैसला ले लिया गया है, जिससे तीन प्रमुख विश्वविद्यालयों में अब नई अकादमिक पारी की शुरुआत होगी।

Sep 25, 2026 - 21:25
Sep 25, 2026 - 21:34
 0
राजस्थान की तीन बड़ी यूनिवर्सिटीज को मिले नए कुलगुरु! राज्यपाल बागडे ने जारी किए नियुक्ति आदेश, जानें किसे मिली कौनसी जिम्मेदारी

अनन्य सोच । राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने गुरुवार को एक साथ तीन विश्वविद्यालयों में कुलगुरु (Vice-Chancellor) नियुक्त करने के आदेश जारी किए हैं। यह नियुक्तियां राज्य सरकार के परामर्श से की गई हैं।

राजस्थान विश्वविद्यालय की कमान डॉ. सारस्वत को

राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर (University of Rajasthan) में डॉ. भगवती प्रसाद सारस्वत को कुलगुरु पद पर नियुक्त किया गया है। प्रदेश के सबसे बड़े विश्वविद्यालयों में शुमार इस संस्थान की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।

शेखावाटी विश्वविद्यालय में डॉ. युद्धवीर सिंह की ताजपोशी

सीकर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय (Pandit Deendayal Upadhyay Shekhawati University) में डॉ. युद्धवीर सिंह को कुलगुरु नियुक्त किया गया है, जो अब इस विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक कामकाज की अगुवाई करेंगे।

बीकानेर विश्वविद्यालय में प्रो. विश्नोई को मिली जिम्मेदारी

बीकानेर के महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय (Maharaja Ganga Singh University) में प्रो. नरसी राम विश्नोई को कुलगुरु के पद पर नियुक्त किया गया है, जिससे इस विश्वविद्यालय में भी अब स्थायी नेतृत्व की कमी पूरी हो गई है।

तीन साल या 70 वर्ष की आयु तक रहेगा कार्यकाल

राज्यपाल कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इन सभी कुलगुरुओं की नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो भी पहले हो, के लिए मान्य होगी।