डेंगू-मलेरिया का सीजन शुरू होते ही अलर्ट मोड में सरकार, हर जिले में 24 घंटे खुला रहेगा कंट्रोल रूम!

स्वाइन फ्लू, चिकनगुनिया और स्क्रब टाइफस पर भी पैनी नजर, आउटब्रेक हुआ तो तुरंत हरकत में आएंगी रेपिड रेस्पॉन्स टीमें — जानें स्वास्थ्य विभाग का पूरा एक्शन प्लान

Sep 1, 2026 - 22:28
Sep 1, 2026 - 23:03
 0
डेंगू-मलेरिया का सीजन शुरू होते ही अलर्ट मोड में सरकार, हर जिले में 24 घंटे खुला रहेगा कंट्रोल रूम!

अनन्य सोच। बदलते मौसम के साथ ही राजस्थान में मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है, और इसे भांपते हुए राज्य का चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देश पर प्रदेशभर में मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, स्क्रब टाइफस और स्वाइन फ्लू जैसी बीमारियों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी गई है। प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने साफ कहा है कि हर जिले में कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

मंगलवार को स्वास्थ्य भवन में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बीमारी फैलने की स्थिति में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए हर स्तर पर रेपिड रेस्पॉन्स टीमें गठित की जा रही हैं, जो आउटब्रेक होते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगी। खासतौर पर स्वाइन फ्लू को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और जरूरी दवाइयों की उपलब्धता उपस्वास्थ्य केंद्रों तक सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।

बैठक में घर-घर सर्वे, एंटी लार्वा और सोर्स रिडक्शन जैसी गतिविधियों को लगातार जारी रखने पर जोर दिया गया, खासकर उन इलाकों में जहां बीमारियों का खतरा ज्यादा है। इसके अलावा गंभीर रूप से प्रभावित क्षेत्रों के अस्पतालों में मरीजों के लिए अलग बेड आरक्षित रखने, जरूरत पड़ने पर आइसोलेशन की व्यवस्था करने और लोगों को बचाव के तरीकों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए। पीने के साफ पानी के लिए क्लोरीनेशन व्यवस्था को भी प्रभावी बनाए रखने को कहा गया है।

बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति पर भी चर्चा हुई। डॉ. शर्मा ने जिलों से फीडबैक लेते हुए एक्स-रे और सीबी नॉट मशीनों का अधिकतम इस्तेमाल कर टीबी की जल्द पहचान और इलाज सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में आरसीएच निदेशक डॉ. मधु रतेश्वर, एड्स निदेशक डॉ. सुशील कुमार परमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।