देशभर से चुने गए 40 लॉ स्टूडेंट्स! मानवाधिकार आयोग में शुरू हुई खास इंटर्नशिप, साइबर क्राइम से AI तक सीखेंगे सब कुछ
देश के 18 विधि संस्थानों से चुनकर आए 40 होनहार स्टूडेंट्स के लिए जयपुर में एक ऐसा मौका शुरू हुआ है, जो उनके करियर की दिशा ही बदल सकता है। जानिए इस खास इंटर्नशिप में क्या-क्या सीखने को मिलेगा।
Ananya soch। राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग (Rajasthan State Human Rights Commission) ने सोमवार को शासन सचिवालय में 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम (Summer Internship Programme) का भव्य शुभारंभ किया। 27 जुलाई से 14 अगस्त तक चलने वाले इस कार्यक्रम के लिए देशभर के 18 विधि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से 40 विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
उद्घाटन सत्र में आयोग अध्यक्ष जस्टिस जी.आर. मूलचंदानी ने कहा कि मानवाधिकार सिर्फ कानूनी प्रावधान नहीं, बल्कि मानवीय गरिमा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी इन मूल्यों को अपने जीवन में उतारे, तो समाज में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
आयोग सदस्य अशोक कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों से कहा कि समय से बड़ा कोई मूल्यवान संसाधन नहीं है, और जो इसका सम्मान करना सीख लेता है, वही अपने लक्ष्य तक पहुंच पाता है। वहीं पुलिस महानिरीक्षक हिंगलाजदान ने इसे विद्यार्थियों के करियर के लिए बेहद अहम अवसर बताया।
लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह रही कि इस इंटर्नशिप में विद्यार्थियों को सिखाने के लिए करीब 50 विशेषज्ञ पहुंचेंगे, जिनमें जज, पुलिस अधिकारी, NGO प्रतिनिधि, फॉरेंसिक साइंस एक्सपर्ट्स, UNICEF और वरिष्ठ अधिवक्ता शामिल हैं। कार्यक्रम कॉर्डिनेटर डॉ. संध्या यादव के मुताबिक, स्टूडेंट्स को महिला व बाल अधिकार, कार्यस्थल यौन उत्पीड़न रोकथाम, लैंगिक समानता, कारागार प्रशासन, RTI, साइबर क्राइम (Cyber Crime), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), LGBTQ अधिकार, एंटी-डोपिंग और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर गहन जानकारी दी जाएगी।
इस मौके पर आयोग रजिस्ट्रार जगदीश प्रसाद शर्मा, सचिव जयदेव सी.एस., उप सचिव प्रगति आसोपा सहित आयोग अधिकारी और सभी प्रतिभागी मौजूद रहे।