57 हजार बच्चों के भविष्य पर बड़ा फैसला! खाली पदों से लेकर वॉशिंग मशीन तक, हर बात पर हुई सख्ती से समीक्षा
अनन्य सोच । प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों के लिए सोमवार का दिन खास रहा। शासन सचिवालय में स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव ने Model Schools और आवासीय विद्यालयों की स्थिति को लेकर गहन समीक्षा बैठक की। इस दौरान कई अहम मुद्दों पर सख्त निर्देश दिए गए, जो आने वाले समय में स्कूली शिक्षा की तस्वीर बदल सकते हैं।
खाली पदों को भरने और नामांकन बढ़ाने पर जोर
बैठक में एसीएस राजेश यादव ने साफ कहा कि विद्यार्थियों को Quality Education और बेहतर सुविधाएं देना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने मॉडल स्कूलों में खाली पड़े शिक्षकों के पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए, साथ ही यह भी कहा कि परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाने के लिए विषयवार विश्लेषण किया जाए। निर्माणाधीन भवनों में भूमि, बिजली और पानी जैसी अटकी समस्याओं को भी जल्द सुलझाने की हिदायत दी गई।
केजीबीवी और आवासीय विद्यालयों की भी हुई समीक्षा
बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय और स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल छात्रावासों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मौजूदा आंकड़ों के अनुसार, केजीबीवी में करीब 52 हजार सीटों के मुकाबले 46 हजार से ज्यादा बालिकाएं नामांकित हैं। छात्रावासों में Washing Machine और स्वचालित रोटी मेकर जैसी सुविधाएं देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
स्मार्ट क्लास से लेकर योग ओलंपियाड तक, बच्चों को मिल रहीं आधुनिक सुविधाएं
मॉडल स्कूलों में अब Smart Classes, 20 कंप्यूटर वाली Computer Lab, सीसीटीवी कैमरे और सेनेटरी नैपकिन जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके साथ ही स्कूलों में नियमित स्वास्थ्य जांच, अभिभावक-शिक्षक बैठकें, स्काउट-गाइड गतिविधियां, विज्ञान मेले और गणित-योग ओलंपियाड जैसी कई सह-शैक्षणिक गतिविधियां भी चलाई जा रही हैं।
134 ब्लॉकों में चल रहे मॉडल स्कूल, हजारों बच्चों को मिल रहा फायदा
प्रदेश के 27 शैक्षणिक रूप से पिछड़े जिलों के 134 ब्लॉकों में इस समय 134 स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल संचालित हो रहे हैं, जिनमें कुल 57 हजार 565 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। इन स्कूलों में बालिकाओं के लिए 55 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। समग्र शिक्षा अभियान के तहत कुल 514 छात्रावास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 422 पहले से ही चालू हैं।