राजस्थान नगर निगम चुनाव: बड़ा ऐलान! जयपुर-जोधपुर में सामान्य वर्ग को मौका, कोटा में सिर्फ OBC महिला बन सकेंगी मेयर
जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और बीकानेर में सामान्य वर्ग को मेयर पद की कमान, वहीं अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर, अलवर और पाली में सिर्फ महिलाएं ही लड़ पाएंगी मेयर का चुनाव
अनन्य सोच । राजस्थान में नगर निगम चुनाव को लेकर सबसे बड़ी और अहम खबर सामने आई है। राज्य के सभी प्रमुख नगर निगमों के लिए मेयर पद का आरक्षण तय कर दिया गया है, जिसके बाद अब यह साफ हो गया है कि किस शहर में कौन मेयर पद के लिए दावेदारी पेश कर सकता है। इस ऐलान के बाद से नेताओं और दावेदारों में हलचल तेज हो गई है।
आरक्षण की सूची के मुताबिक, प्रदेश के सबसे बड़े और चर्चित शहरों जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और बीकानेर नगर निगम में मेयर पद सामान्य वर्ग के लिए रखा गया है। यानी इन शहरों में सामान्य वर्ग से जुड़े नेता मेयर पद की रेस में शामिल हो सकेंगे, जिससे यहां मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।
वहीं दूसरी ओर, अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर, अलवर और पाली नगर निगम में मेयर पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। इसका मतलब यह है कि इन पांचों शहरों में अब सिर्फ महिला उम्मीदवार ही मेयर पद के लिए चुनाव लड़ सकेंगी, जिससे इन शहरों की राजनीति में महिला नेतृत्व को बड़ा मौका मिलने वाला है।
सबसे खास और चौंकाने वाला ऐलान कोटा नगर निगम को लेकर हुआ है। कोटा में मेयर पद इस बार ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है, जिसके बाद अब यहां सिर्फ ओबीसी वर्ग की महिलाएं ही मेयर पद की दावेदारी पेश कर पाएंगी। इस फैसले ने कोटा की राजनीति में हलचल मचा दी है और कई नए चेहरों के सामने आने की संभावना बन गई है।
पूरी आरक्षण सूची इस प्रकार है
जयपुर नगर निगम: सामान्य वर्ग, जोधपुर नगर निगम: सामान्य वर्ग, बीकानेर नगर निगम: सामान्य कैटेगरी, उदयपुर नगर निगम: सामान्य कैटेगरी, अलवर नगर निगम: सामान्य महिला, अजमेर नगर निगम: सामान्य महिला, भीलवाड़ा नगर निगम: सामान्य महिला, भरतपुर नगर निगम: सामान्य महिला, पाली नगर निगम: सामान्य महिला, और कोटा नगर निगम: ओबीसी महिला।
इस आरक्षण ऐलान के बाद अब सभी दलों में टिकट को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में कई बड़े नेताओं के दावेदारी को लेकर नाम सामने आ सकते हैं।