RIICO की प्रत्यक्ष आवंटन योजना का 14वां चरण शुरू, 94 औद्योगिक क्षेत्रों में मिलेंगे 4700 भूखंड
RIICO की प्रत्यक्ष आवंटन योजना के 14वें चरण में राजस्थान के 94 औद्योगिक क्षेत्रों में 4700 से अधिक भूखंड निवेशकों के लिए उपलब्ध, आवेदन 12 अक्टूबर तक।
अनन्य सोच । राइजिंग राजस्थान के तहत रीको ने प्रत्यक्ष आवंटन योजना-2025 का 14वां चरण 28 सितंबर 2026 से शुरू कर दिया है। इस चरण में प्रदेश के 94 औद्योगिक क्षेत्रों में 4700 से अधिक औद्योगिक व लॉजिस्टिक भूखंड निवेशकों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।
12 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन, 15 को ई-लॉटरी
इच्छुक निवेशक 12 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एक भूखंड के लिए एक ही आवेदन आने पर सीधे आवंटन होगा, जबकि एक से अधिक आवेदन आने पर 15 अक्टूबर को ई-लॉटरी के जरिए पारदर्शी तरीके से आवंटन किया जाएगा। योजना का लाभ राज्य सरकार के साथ एमओयू करने वाले निवेशकों को मिलेगा, जिन्होंने अभी तक एमओयू नहीं किया है, वे ईएमडी की अंतिम तिथि तक ऐसा कर पात्र हो सकते हैं।
किस वर्ग के लिए कितने भूखंड आरक्षित
इस चरण में कुल भूखंडों में से 4,116 अनारक्षित श्रेणी के हैं और 27 लॉजिस्टिक भूखंड भी शामिल हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति/जनजाति के लिए 168, महिला वर्ग के लिए 167, भूतपूर्व सैनिकों के लिए 95, बेंचमार्क दिव्यांगजनों के लिए 124 तथा सशस्त्र बलों/अर्ध सैनिक बलों के मृतकों के आश्रितों के लिए 59 भूखंड आरक्षित किए गए हैं।
अब तक 13 चरणों में 21 हजार करोड़ का निवेश
रीको के अनुसार योजना के 13 चरण अब तक पूरे हो चुके हैं, जिनमें 2335 औद्योगिक भूखंडों का आवंटन हुआ है। इससे प्रदेश में 21,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश और 46,000 से ज्यादा लोगों के लिए रोजगार का रास्ता खुला है। इसके अलावा 444 भूखंडों का आवंटन अभी प्रक्रियाधीन है, जिनसे 2000 करोड़ रुपये से अधिक के अतिरिक्त निवेश की संभावना है।