राजस्थान के स्टार्टअप्स की चमकेगी किस्मत! RIICO ने किया 30 करोड़ का बड़ा निवेश, जानें पूरा प्लान

राजस्थान में स्टार्टअप्स और MSME सेक्टर के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। RIICO ने ऐसा कदम उठाया है, जिससे प्रदेश के युवा उद्यमियों को करोड़ों रुपये की फंडिंग और मजबूत सहयोग मिलने वाला है।

Jul 27, 2026 - 17:18
Jul 27, 2026 - 17:23
 0
राजस्थान के स्टार्टअप्स की चमकेगी किस्मत! RIICO ने किया 30 करोड़ का बड़ा निवेश, जानें पूरा प्लान

अनन्य सोच। राजस्थान में स्टार्टअप्स और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को वित्तीय सहायता देने के मकसद से रीको (RIICO) ने रविवार को राजस्थान वेंचर कैपिटल फंड (RVCF) के इंडिया ग्रोथ फंड-IV के लिए योगदान अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। इस मौके पर रीको और RVCF के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस समझौते के तहत रीको अब फंड में 30 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगा, जिसके बाद इंडिया ग्रोथ फंड-IV में रीको की कुल निवेश प्रतिबद्धता बढ़कर 75 करोड़ रुपये हो गई है। बता दें कि यह फंड कुल 250 करोड़ रुपये के साथ लॉन्च किया गया है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस वर्ष 25 स्टार्टअप्स को इसके जरिए मदद करने की घोषणा भी की है।

लेकिन असली दिलचस्प बात यह है कि इस फंड से नए स्टार्टअप्स को सिर्फ पैसा ही नहीं, बल्कि मार्गदर्शन और रणनीतिक सहयोग भी मिलेगा, जिससे वे अपने बिजनेस का विस्तार कर रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकेंगे।

RVCF के तीनों फंड अब तक 44 कंपनियों में निवेश कर चुके हैं और सभी ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। इनमें फिनटेक कंपनी Mosambee, फर्नीचर ब्रांड The Wooden Street और NSE SME एक्सचेंज पर लिस्टेड NPST जैसी सफलता की कहानियां शामिल हैं, जिन्होंने मल्टी-बैगर रिटर्न दिए।

रीको के प्रबंध निदेशक सुरेश कुमार ओला ने कहा कि सरकार ऐसा माहौल तैयार कर रही है जहां MSME और स्टार्टअप्स आधुनिक सुविधाओं के साथ आसानी से आगे बढ़ सकें। उन्होंने बताया कि पिछले दो दशकों में RVCF टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, एग्रीटेक, क्लीन एनर्जी और फिनटेक जैसे क्षेत्रों में युवा उद्यमियों का मजबूत सपोर्ट सिस्टम बना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नई साझेदारी राज्य के आर्थिक विकास को नई रफ्तार देगी।