RPSC का बड़ा अपडेट: कोच कबड्डी और फिजिकल एजुकेशन की विचारित सूची जारी, 20 अभ्यर्थी हुए अयोग्य घोषित, जानें पूरी प्रक्रिया
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने प्राध्यापक एवं कोच भर्ती परीक्षा-2025 के तहत जारी की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन लिस्ट, 19 से 25 अगस्त तक भरना होगा डिटेल्ड एप्लीकेशन फॉर्म, कोच एथलेटिक्स के लिए नहीं मिला कोई योग्य उम्मीदवार
अनन्य सोच। राजस्थान में प्राध्यापक एवं कोच पद के लिए तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक बेहद अहम खबर सामने आई है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के अंतर्गत कोच कबड्डी एवं फिजिकल एजुकेशन विषय के पदों के लिए विचारित सूची जारी कर दी है। इस सूची में कोच कबड्डी के 2 और फिजिकल एजुकेशन विषय के 81 अभ्यर्थियों को पात्रता जांच के लिए अस्थाई रूप से शामिल किया गया है।
हालांकि, इस पूरी खबर में एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया है। कोच एथलेटिक्स पद के लिए हुई लिखित परीक्षा के नतीजों में एक भी अभ्यर्थी न्यूनतम उत्तीर्णांक हासिल नहीं कर सका, जिस वजह से इस पद के लिए फिलहाल कोई भी उम्मीदवार उपलब्ध नहीं है। यह जानकारी आयोग सचिव ने साझा करते हुए स्पष्ट किया कि यह सूची केवल दस्तावेज सत्यापन के मकसद से जारी की गई है, न कि यह अंतिम चयन सूची या वरीयता सूची है।
अब सवाल यह है कि जिन अभ्यर्थियों के नाम इस सूची में शामिल हैं, उन्हें आगे क्या करना होगा? आयोग के अनुसार, इन सभी अभ्यर्थियों को अपना विस्तृत आवेदन-पत्र ऑनलाइन भरना अनिवार्य होगा। इसके लिए लिंक 19 अगस्त से 25 अगस्त तक खुला रहेगा। अभ्यर्थियों को अपनी SSO आईडी के जरिए रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाकर My Recruitment-Detailed Form cum Scrutiny सेक्शन में अप्लाई नाउ पर क्लिक करना होगा।
खास बात यह है कि विस्तृत आवेदन-पत्र और दस्तावेजों की जांच माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा की जाएगी, न कि सीधे आयोग द्वारा। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे फॉर्म सबमिट करने के बाद प्रिंट ऑप्शन से दो प्रतियों में आवेदन-पत्र प्रिंट कर सुरक्षित रख लें। दस्तावेज सत्यापन के लिए तय तारीख, समय और स्थान की सूचना संबंधित विभाग द्वारा ही दी जाएगी, आयोग की ओर से इस संबंध में कोई अलग सूचना जारी नहीं होगी। अगर कोई अभ्यर्थी तय तारीख पर उपस्थित नहीं होता है, तो उसे अपात्र मानकर परिणाम से बाहर कर दिया जाएगा।
सबसे अहम बात यह भी है कि इस पूरी प्रक्रिया में फिजिकल एजुकेशन विषय के 20 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है, क्योंकि उन्होंने 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में पांच में से कोई भी विकल्प नहीं भरा था। इन सभी अभ्यर्थियों के रोल नंबर आयोग की वेबसाइट पर अलग से जारी कर दिए गए हैं।