इंडिगो की लगातार उड़ानें रद्द, जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

इंडिगो की लगातार उड़ानें रद्द, जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

Ananya soch: IndiGo flights continue to be cancelled, adding to passenger hardship at Jaipur airport

अनन्य सोच। जयपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की लगातार उड़ानें रद्द और विलंब होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शुक्रवार सुबह स्थिति और गंभीर हो गई जब इंडिगो की कई फ्लाइट्स एक के बाद एक रद्द कर दी गईं. सुबह 5:35 बजे बेंगलुरु के लिए निर्धारित उड़ान सबसे पहले रद्द हुई, जिसके तुरंत बाद 5:45 बजे गोवा, 6:10 बजे हैदराबाद, 6:25 बजे इंदौर और 6:40 बजे गुवाहाटी की उड़ानें भी रद्द कर दी गईं. इसके साथ ही 7:20 बजे मुंबई और 9:05 बजे कोलकाता की फ्लाइट भी संचालित नहीं हो सकी. 

अचानक हुए इन बदलावों के कारण बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर ही फंसे रहे। यात्रियों का कहना है कि एयरलाइन की ओर से समय पर सूचना नहीं मिल पाने के कारण उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था करने में काफी परेशानी उठानी पड़ी. कई यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा योजनाएं भी बदलनी पड़ीं. 

इसी क्रम में इंडिगो की 9:55 बजे चेन्नई और 10:55 बजे मुंबई की फ्लाइट भी रद्द कर दी गईं. वहीं कुछ उड़ानें रद्द न होकर भारी देरी से चलीं—10:30 बजे जोधपुर की फ्लाइट 2 घंटे, 11:35 बजे दिल्ली की फ्लाइट 4 घंटे, 11:45 बजे इंदौर की फ्लाइट 3 घंटे 10 मिनट, 12:15 बजे बेंगलुरु की फ्लाइट 2 घंटे 10 मिनट और 12:30 बजे लखनऊ की फ्लाइट 1 घंटे देरी से संचालित हुई. 

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, तकनीकी और परिचालन कारणों की वजह से इंडिगो का शेड्यूल प्रभावित हुआ है. यात्रियों ने मांग की है कि समय पर जानकारी और बेहतर प्रबंधन से ऐसी परेशानियों से बचा जा सके.