अंधेरे में जगमगाया गार्डन बाजार, 'जुगनू घाट' की झलक ने जीता जयपुरवासियों का दिल
जयपुर में गार्डनिंग के शौकीनों के लिए यह वीकेंड कुछ खास लेकर आया है। जवाहर कला केंद्र में सजा एक ऐसा बाजार, जहां अंधेरे में भी रोशनी का जादू देखने को मिल रहा है।
अनन्य सोच । किचन गार्डन संगठन द्वारा आयोजित गार्डन बाजार शुक्रवार से जवाहर कला केंद्र में शुरू हो गया, और पहले ही दिन गार्डनिंग प्रेमियों की भारी भीड़ ने इसे हिट बना दिया। बाजार में उत्साह इस कदर था कि हर स्टॉल पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
इस बार गार्डन बाजार का सबसे बड़ा आकर्षण रहा एक खास नाइट गार्डन थीम, जिसे काले रंग की स्टॉल्स के जरिए तैयार किया गया है। इन स्टॉल्स को जानबूझकर अंधेरे में रखा गया है, ताकि यह दिखाया जा सके कि सही लाइटिंग की मदद से रात के समय भी गार्डन को कितना जीवंत और आकर्षक बनाया जा सकता है। अलग-अलग तरह की LED लाइट्स के जरिए पौधों और गार्डन की खूबसूरती को कैसे उभारा जाए, इसकी पूरी झलक यहां देखने को मिल रही है।
दिलचस्प बात यह है कि इस पूरी थीम की प्रेरणा कोटा रिवरफ्रंट पर बने मशहूर 'जुगनू घाट' से ली गई है, जो अपनी लाइट और नेचर की खूबसूरत जुगलबंदी के लिए जाना जाता है। गार्डन बाजार में इसी कॉन्सेप्ट को एक छोटे डिस्प्ले के रूप में पेश किया गया है, जिससे लोग नाइट गार्डनिंग और नई लाइटिंग तकनीकों को करीब से समझ सकें।
इस बार गार्डन बाजार में 80 से ज्यादा स्टॉल्स लगाई गई हैं, जहां सजावटी पौधों से लेकर सक्युलेंट्स और गार्डनिंग से जुड़ी हर तरह की सामग्री उपलब्ध है। आगंतुकों ने खासतौर पर स्टैंडिंग रोज, जरबेरा, एंथुरियम, पीस लिली, गुलदाउदी, ऑर्किड, एयर प्लांट्स और क्रिप्टैंथस जैसे पौधों में गहरी दिलचस्पी दिखाई।
पहले दिन गायत्री सिंगल ने बेसिक गार्डनिंग पर एक वर्कशॉप आयोजित की, जिसमें शुरुआती गार्डनर्स को कई काम की टिप्स मिलीं। इसके अलावा गीता अहलूवालिया ने सक्युलेंट्स की मदद से एक बेहद आकर्षक ट्रे गार्डन बनाकर दिखाया। उन्होंने बताया कि सक्युलेंट्स को बहुत कम पानी की जरूरत होती है और अक्टूबर से फरवरी के बीच इन्हें आसानी से बढ़ाया जा सकता है। इस लाइव डेमो को लोगों ने खूब सराहा।
अब शनिवार को गार्डन बाजार में गार्डनिंग प्रेमियों के लिए कुछ और खास वर्कशॉप्स फ्री में आयोजित होने वाली हैं। दोपहर 12 बजे डॉ. शशी भार्गव टैरेरियम बनाने की तकनीक सिखाएंगी, सुदेश अरोड़ा बोनसाई पर वर्कशॉप लेंगे और श्याम वर्मा ट्रे में फॉरेस्ट बनाने का हुनर सिखाएंगे। जो लोग गार्डनिंग में दिलचस्पी रखते हैं, उनके लिए यह मौका बिल्कुल मिस करने वाला नहीं है। गार्डन बाजार सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।