आखिरी मौका! IGNOU में एडमिशन और रजिस्ट्रेशन की डेडलाइन बढ़ी, अब इस तारीख तक है सुनहरा मौका

जुलाई सेशन में दाखिला लेने वालों के लिए बड़ी राहत, लेकिन आखिरी समय तक इंतजार करना पड़ सकता है भारी

Aug 6, 2026 - 10:51
Aug 6, 2026 - 10:55
 0
आखिरी मौका! IGNOU में एडमिशन और रजिस्ट्रेशन की डेडलाइन बढ़ी, अब इस तारीख तक है सुनहरा मौका

अनन्य सोच। उच्च शिक्षा हासिल करने का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने जुलाई 2026 सत्र के लिए Fresh Admission और Re-registration की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। अब छात्र 16 अगस्त 2026 तक अपना दाखिला या पंजीकरण करा सकते हैं। लेकिन क्या यह डेडलाइन आगे भी बढ़ेगी, या यह आखिरी मौका है? आइए जानते हैं पूरी डिटेल।

क्षेत्रीय केंद्र जयपुर की वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ममता भाटिया ने बताया कि यह विस्तार Open and Distance Learning (ODL) और Online माध्यम से संचालित सभी अधिसूचित कार्यक्रमों पर लागू होगा। यानी चाहे आप दूरस्थ शिक्षा के जरिए पढ़ाई करना चाहते हों या ऑनलाइन कोर्स ज्वाइन करना चाहते हों, दोनों ही स्थितियों में आपको यह अतिरिक्त समय मिलेगा।

नए एडमिशन के लिए इच्छुक छात्र समर्थ (Samarth) पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं। ODL कार्यक्रमों के लिए ignouadmission.samarth.edu.in और ऑनलाइन कार्यक्रमों के लिए ignouiop.samarth.edu.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। वहीं जो विद्यार्थी पहले से पढ़ाई कर रहे हैं और अगले सेमेस्टर या वर्ष में प्रवेश के पात्र हैं, वे ignou.samarth.edu.in पोर्टल के माध्यम से Re-registration करा सकते हैं।

बता दें कि इग्नू छात्रों को मानविकी, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, वाणिज्य, प्रबंधन, कंप्यूटर विज्ञान, शिक्षा, सामाजिक कार्य, पर्यटन, ग्रामीण विकास, भाषाएं, पत्रकारिता, स्वास्थ्य विज्ञान, कृषि सहित कई क्षेत्रों में स्नातक, स्नातकोत्तर और सर्टिफिकेट कोर्सेज का व्यापक विकल्प उपलब्ध कराता है। यही वजह है कि हर साल लाखों छात्र इग्नू के जरिए अपनी शिक्षा को आगे बढ़ाते हैं।

विश्वविद्यालय ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों और मौजूदा शिक्षार्थियों से अपील की है कि वे इस बढ़ी हुई डेडलाइन का पूरा फायदा उठाएं और 16 अगस्त 2026 से पहले अपना एडमिशन या रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें, ताकि अंतिम समय की भीड़ और तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके। किसी भी समस्या के लिए छात्र क्षेत्रीय केंद्र जयपुर के ईमेल rcjaipur@ignou.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।