गैस सिलेंडरों की काली कमाई का भंडाफोड़! जयपुर में छापेमारी से मचा हड़कंप, 66 सिलेंडर जब्त
"ऑपरेशन प्रवर्तन" के तहत जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, इल्लीगल रिफिलिंग गैंग पर कसा शिकंजा
अनन्य सोच। शहर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग का खेल आखिरकार जिला प्रशासन की पकड़ में आ गया। राज्य सरकार और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने कई इलाकों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में घरेलू व कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।
जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण की अगुवाई में गठित विजिलेंस टीम ने पुलिस थाना खोनागोरियान के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की। सबसे पहले देविका नगर, बंध्या रोड क्षेत्र में इल्लीगल गैस रिफिलिंग की पुष्टि होने पर 45 सिलेंडर और 4 बांसुरियां जब्त की गईं।
ऑटो रिक्शा से हो रही थी कालाबाजारी
इसके बाद देविका नगर बदिया रोड़ पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां ऑटो रिक्शा के जरिए गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग और अवैध ट्रांसपोर्टेशन हो रही थी। मौके से 12 घरेलू सिलेंडर जब्त कर संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
टीम ने इसके बाद जोधपुर मिष्ठान भंडार, झारखंड मोड़, खातीपुरा क्षेत्र में भी दबिश दी, जहां घरेलू सिलेंडरों के कमर्शियल मिसयूज का खुलासा हुआ। यहां से 9 सिलेंडर और एक रेगुलेटर सहित रबर पाइप जब्त किया गया।
कुल 66 सिलेंडर जब्त, FIR की तैयारी
अधिकारी ने बताया कि पूरे अभियान में कुल 66 घरेलू व व्यावसायिक सिलेंडर, 4 बांसुरियां और एक रेगुलेटर बरामद हुआ है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ थानों में FIR दर्ज कराई जा रही है।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि "ऑपरेशन प्रवर्तन" के तहत यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि इल्लीगल रिफिलिंग या कालाबाजारी की जानकारी मिलते ही तुरंत विभाग को सूचित करें।