जयपुर बनेगा ग्लोबल ब्यूटी का केंद्र: 'मिस ओशियन वर्ल्ड 2026' के लिए बीस देशों की खूबसूरत प्रतिभागी पहुंचेंगी अनंत महल, 23 अगस्त को सजेगा ग्रैंड फिनाले का जश्न
दुनिया के टॉप 10 रैंकिंग ब्यूटी पेजेंट्स में शुमार इस इवेंट में UK, जापान, रूस, इंडोनेशिया सहित कई देशों की सुंदरियां लेंगी हिस्सा, मिस ओशियन वर्ल्ड 2023 की विजेता लोरा हर्डसन भी होंगी क्राउन पासिंग सेरेमनी में शामिल
अनन्य सोच । जयपुर की खूबसूरती अब सिर्फ हवा महल और आमेर किले तक सीमित नहीं रहेगी, क्योंकि इस बार गुलाबी नगरी एक ग्लोबल इवेंट की मेजबानी करने जा रही है। ब्यूटी पेजेंट्स 'मिस ओशियन वर्ल्ड' के फिनाले वीक का भव्य आयोजन जयपुर में होने जा रहा है, जिसे लेकर शहर में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
फ्यूजन ग्रुप के डायरेक्टर और कार्यक्रम के आयोजक योगेश मिश्रा तथा निमिषा मिश्रा ने इस बड़े आयोजन की जानकारी साझा करते हुए बताया कि मिस ओशियन वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले 23 अगस्त को मानसरोवर स्थित अनंत महल में आयोजित किया जाएगा। पूरा इवेंट 16 अगस्त से शुरू होकर 24 अगस्त तक चलेगा, यानी पूरा एक सप्ताह जयपुर इंटरनेशनल ब्यूटी और कल्चर का गवाह बनेगा।
लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस आयोजन में शामिल होने के लिए कौन-कौन से देश जयपुर पहुंचने वाले हैं? जानकारी के मुताबिक, यूनाइटेड किंगडम, जापान, साउथ सूडान, युगांडा, इंडोनेशिया, रूस, जिम्बाब्वे, भारत, बांग्लादेश, केन्या, कैमरून और हांगकांग सहित अफ्रीकी देशों की प्रतिभागी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगी। कुल मिलाकर बीस देशों की सुंदरियां जयपुर की धरती पर अपनी प्रतिभा और सौंदर्य का प्रदर्शन करती नजर आएंगी।
आयोजन को और भी खास बनाने वाली बात यह है कि मिस ओशियन वर्ल्ड 2023 की विजेता, यूनाइटेड किंगडम की लोरा हर्डसन भी विशेष रूप से जयपुर पहुंचेंगी। वह क्राउन पासिंग सेरेमनी में हिस्सा लेकर नई विजेता को ताज सौंपेंगी, जो पूरे आयोजन का सबसे भावुक और यादगार पल माना जा रहा है।
आयोजकों के मुताबिक, मिस ओशियन वर्ल्ड 2026 का आयोजन सिर्फ एक ब्यूटी पेजेंट भर नहीं है, बल्कि यह पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान गतिविधियों को बढ़ावा देने की एक बड़ी पहल भी है। इसके जरिए राजस्थान की संस्कृति और आतिथ्य सत्कार को वैश्विक मंच पर पहचान मिलेगी।
इतना ही नहीं, इस आयोजन का एक और खास और सार्थक पहलू भी है। इसमें भाग लेने वाली बीस देशों की सभी प्रतिभागी क्लीन ओशन और पॉल्यूशन फ्री ओशन का संदेश भी पूरी दुनिया तक पहुंचाएंगी, जिससे यह इवेंट सुंदरता के साथ-साथ पर्यावरण जागरूकता का भी प्रतीक बन जाएगा।