कल 37 हजार से ज्यादा छात्र देंगे परीक्षा! जयपुर में RE-NEET को लेकर प्रशासन का बड़ा अलर्ट, जानें पूरी डिटेल

डॉक्टर बनने का सपना देख रहे हजारों छात्रों के लिए कल का दिन बेहद खास है। जयपुर जिला प्रशासन ने RE-NEET (UG) EXAM 2026 के लिए कमर कस ली है। केंद्रों से लेकर सुरक्षा तक, जानिए क्या-क्या रहेगा खास और किन बातों का रखना होगा खासतौर पर ध्यान।

Jun 20, 2026 - 23:16
Jun 20, 2026 - 23:18
 0
कल 37 हजार से ज्यादा छात्र देंगे परीक्षा! जयपुर में RE-NEET को लेकर प्रशासन का बड़ा अलर्ट, जानें पूरी डिटेल

अनन्य सोच। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA - National Testing Agency), नई दिल्ली द्वारा रविवार, 21 जून 2026 को RE-NEET (UG) EXAM 2026 का आयोजन किया जाएगा। मेडिकल कॉलेजों में दाखिले का सपना देख रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा बेहद अहम मानी जा रही है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन जयपुर (Jaipur District Administration) द्वारा परीक्षा के सुचारू एवं सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

जिला कलक्टर (District Collector) संदेश नायक ने बताया कि परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से सायं 05:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों का परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश प्रातः 11:00 बजे से प्रारम्भ होकर दोपहर 01:30 बजे तक रहेगा, इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को एंट्री नहीं मिलेगी। यानी छात्रों के पास समय का बहुत बारीक गणित है, जरा सी देरी पूरे साल की मेहनत पर पानी फेर सकती है।

उन्होंने बताया कि जिले में कुल 103 परीक्षा केन्द्र (Exam Centers) बनाए गए हैं, जिनमें 84 राजकीय एवं 19 निजी परीक्षा केन्द्र शामिल हैं। परीक्षा में कुल 37,108 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे, जिनमें 25,900 अभ्यर्थी राजकीय केन्द्रों तथा 11,208 अभ्यर्थी निजी केन्द्रों पर परीक्षा देंगे।

परीक्षा के सफल संचालन हेतु अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर पूर्व) नरेन्द्र कुमार वर्मा को जिला नोडल अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अशोक चन्द्र शर्मा को जिला पुलिस नोडल अधिकारी तथा अतिरिक्त आयुक्त-द्वितीय प्रवीण कुमार को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

सुरक्षा के लिहाज से भी कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता एवं होमगार्ड तैनात किए गए हैं, साथ ही सीसीटीवी (CCTV), बायोमैट्रिक सत्यापन (Biometric Verification) एवं जैमर (Jammer) की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलक्ट्रेट परिसर स्थित कक्ष संख्या 116 में कंट्रोल रूम (Control Room) बनाया गया है, जो 20 जून शाम 5 बजे तक और 21 जून को परीक्षा समाप्ति तक चालू रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 0141-2206699 है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों व अभिभावकों से समय से पहुंचने की अपील की है।