RPSC ने जारी किए निर्देश, 16 सितंबर तक भरें विस्तृत आवेदन
अनन्य सोच । राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के तहत प्राध्यापक गणित, उर्दू और राजस्थानी विषयों की विचारित सूची में शामिल अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत आवेदन पत्र भरने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के लिए 16 सितंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक का समय दिया गया है।
3 सितंबर को जारी हुई थी विचारित सूची
आयोग ने गणित, उर्दू और राजस्थानी विषयों के लिए विचारित सूची 3 सितंबर 2026 को जारी की थी। सूची में अस्थाई रूप से शामिल अभ्यर्थियों को अब अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन जमा करना होगा।
SSO ID से भरना होगा फॉर्म
आयोग के अनुसार अभ्यर्थियों को अपनी SSO ID के माध्यम से Recruitment Portal पर जाना होगा। यहां My Recruitment – Detailed Form cum Scrutiny – Apply Now विकल्प का चयन कर विस्तृत आवेदन पत्र भरना होगा। आवेदन के साथ मांगे गए दस्तावेजों की जांच राजस्थान के माध्यमिक शिक्षा विभाग, बीकानेर द्वारा की जाएगी।
आवेदन की दो प्रतियां संभालकर रखें
ऑनलाइन आवेदन सबमिट करने के बाद अभ्यर्थियों को Print Option के जरिए पूरे विस्तृत आवेदन पत्र की दो प्रतियां निकालकर सुरक्षित रखनी होंगी। दस्तावेज सत्यापन के समय इन्हीं प्रतियों को मूल दस्तावेजों और स्वयं सत्यापित प्रतियों के साथ निर्धारित स्थान पर प्रस्तुत करना होगा।
विभाग करेगा दस्तावेज सत्यापन
दस्तावेज सत्यापन की तारीख, समय और स्थान की सूचना संबंधित विभाग द्वारा अभ्यर्थियों को दी जाएगी। इसके लिए RPSC की ओर से अलग से सूचना नहीं भेजी जाएगी। निर्धारित तारीख पर उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों को अपात्र माना जा सकता है। सत्यापन के बाद पात्र अभ्यर्थियों की सूची विभाग आयोग को भेजेगा। इसके आधार पर आयोग परिणाम जारी कर चयनित अभ्यर्थियों के नाम नियुक्ति के लिए संबंधित विभाग को भेजेगा।