कान्स में गूंजेगा जयपुर का नाम: सुरुचि शर्मा को अंतरराष्ट्रीय फिल्म छात्रवृत्ति
अविनाश। महिला फिल्मकारों को वैश्विक मंच से जोड़ने की बड़ी पहल
अनन्य सोच। राजस्थान की राजधानी जयपुर की युवा फिल्म सर्जक सुरुचि शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर का गौरव बढ़ाया है। महिला फिल्मकारों को प्रोत्साहित करने वाली संस्था “विमेन इन फिल्म इंडिया” द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति के लिए सुरुचि शर्मा का चयन किया गया है। इसके तहत वह मई माह में फ्रांस के कान्स शहर में आयोजित विश्व प्रसिद्ध फिल्म बाजार और अंतरराष्ट्रीय फिल्म गतिविधियों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
यह पहल ऑस्कर सम्मान प्राप्त निर्माता गुनीत मोंगा कपूर द्वारा स्थापित संस्था के माध्यम से शुरू की गई है। चयनित प्रतिभागियों को वैश्विक फिल्म उद्योग के विशेषज्ञों से मार्गदर्शन, विशेष प्रशिक्षण सत्र, रचनात्मक कार्यशालाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवाद का अवसर मिलेगा।
जयपुर की प्रतिभा को मिला वैश्विक मंच
इस वर्ष चयनित प्रतिभागियों में जयपुर की सुरुचि शर्मा और मुंबई की जैस्मिन ए. सिंह शामिल हैं। दोनों प्रतिभागी अप्रैल से ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्रों में भाग लेंगी, जिसके बाद मई में कान्स में आयोजित विशेष कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
सुरुचि शर्मा ने कहा कि यह अवसर केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि राजस्थान की संस्कृति, लोक कथाओं और सामाजिक विषयों को विश्व मंच तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि कार्यशालाओं में सार्थक सिनेमा निर्माण, अंतरराष्ट्रीय सह-निर्माण, महिला प्रतिनिधित्व, सामाजिक विविधता, पर्यावरण संरक्षण और प्रभावशाली कथानक निर्माण जैसे विषयों पर विशेष चर्चा होगी।
अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण
13 से 18 मई तक आयोजित होने वाले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में अनुभवी निर्माता और फिल्म विशेषज्ञ नई पीढ़ी के फिल्मकारों को वैश्विक फिल्म उद्योग की बारीकियों से परिचित कराएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रभावशाली सिनेमा को बढ़ावा देना और नई प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ना है।
संस्था की कार्यक्रम विकास प्रमुख राबिया चोपड़ा ने कहा कि देशभर से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें चयनित प्रतिभागियों की रचनात्मक सोच और स्पष्ट दृष्टिकोण ने निर्णायकों को प्रभावित किया। जयपुर की सुरुचि शर्मा की इस उपलब्धि से शहर के कला और फिल्म जगत में उत्साह का माहौल है।