जोधपुर में बनेगा वाटर लेजर शो! डिप्टी CM दिया कुमारी ने मण्डोर में दिए ऐसे निर्देश, पर्यटक होंगे रोमांचित
जोधपुर के मण्डोर गार्डन की सूरत बदलने वाली है। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी के जोधपुर दौरे के दौरान जो निर्देश सामने आए, उन्हें जानकर पर्यटन प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
अनन्य सोच। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को अपने जोधपुर प्रवास के दौरान पर्यटन विभाग एवं जोधपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा संचालित पर्यटन विकास कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मण्डोर स्थित ऐतिहासिक सुमनोहरा बावड़ी का बारीकी से अवलोकन किया और इसके ऐतिहासिक व पुरातात्विक महत्व को देखते हुए संरक्षण, रखरखाव व संवर्धन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. पुनीत सिंह को मण्डोर गार्डन स्थित राजकीय संग्रहालय के समग्र विकास के लिए विस्तृत एक्शन प्लान तैयार कर चरणबद्ध ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मण्डोर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए इसे आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से लैस किया जाए, ताकि देश-विदेश के सैलानियों के लिए यह और बड़ा आकर्षण बन सके।
लेकिन सबसे रोमांचक खबर यह रही कि मण्डोर गार्डन में अब एक शानदार वाटर लेजर शो तैयार किया जा रहा है। दिया कुमारी ने बताया कि इस शो के जरिए आधुनिक तकनीक से जोधपुर के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक घटनाओं को बेहद रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए एडवेंचर टूरिज्म गतिविधियां भी विकसित की जाएंगी।
इस मौके पर जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि वाटर लेजर शो का काम तेजी से प्रगति पर है और इसे जल्द पूरा कर आमजन व पर्यटकों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
इसके अलावा उप मुख्यमंत्री ने बजट घोषणाओं के तहत कायलाना झील पर चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।