NID में मिलेगा डिज़ाइनर बनने का सुनहरा मौका, 12वीं पास से लेकर PhD तक के लिए दरवाजे खुले
अनन्य सोच । अगर आप क्रिएटिव फील्ड में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन ने एडमिशन का ऐलान कर दिया है, जानिए पूरी डिटेल।
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (NID) ने बैचलर ऑफ डिजाइन (B.Des), 5.5 साल के इंटीग्रेटेड मास्टर और 2.5 साल के मास्टर ऑफ डिजाइन (M.Des) प्रोग्राम के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। संस्थान की ओर से कुल 27 विषयों में प्रवेश का मौका दिया जा रहा है, जिसमें बैचलर स्तर पर 8 और मास्टर स्तर पर 19 विषय शामिल हैं। इच्छुक विद्यार्थी बैचलर व इंटीग्रेटेड मास्टर के लिए 30 नवंबर तक जबकि PhD प्रोग्राम के लिए 1 अक्टूबर तक फॉर्म भर सकते हैं।
NID के कैंपस अहमदाबाद, गांधीनगर और बेंगलुरु में स्थित हैं, वहीं आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और असम में भी इसके संस्थान मौजूद हैं। संस्थान को 'इंस्टीट्यूशन ऑफ नेशनल इम्पॉर्टेंस' का दर्जा हासिल है, जिससे यहां से डिग्री लेना छात्रों के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
बैचलर और इंटीग्रेटेड मास्टर के लिए वे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने सत्र 2026-27 में 12वीं पास की है या परीक्षा देने वाले हैं। साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स और ह्यूमैनिटीज़ हर स्ट्रीम के छात्र इसके लिए पात्र माने गए हैं। उम्र सीमा की बात करें तो सामान्य व EWS वर्ग के लिए जन्मतिथि 1 जुलाई 2006 या उसके बाद, OBC-SC-ST वर्ग के लिए 1 जुलाई 2003 या उसके बाद और दिव्यांग वर्ग के लिए 1 जुलाई 2001 या उसके बाद होनी चाहिए। मास्टर प्रोग्राम के लिए किसी भी विषय में बैचलर डिग्री अनिवार्य है, जबकि सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की जन्मतिथि 1 जुलाई 1995 या इसके बाद होनी जरूरी है।
बैचलर और मास्टर में प्रवेश डिज़ाइन एप्टिट्यूड टेस्ट (DAT) के दो चरणों से होगा, जिसमें पहले प्रिलिम्स और फिर शॉर्टलिस्टेड उम्मीदवारों के लिए मेन्स परीक्षा होगी। प्रिलिम्स पेपर-पेंसिल आधारित होगी, जिसमें टेक्स्ट के साथ विजुअल से जुड़े सवाल भी पूछे जा सकते हैं। मास्टर के लिए यह परीक्षा 20 दिसंबर को होगी और प्रश्नपत्र सिर्फ अंग्रेजी भाषा में ही रहेगा। गौर करने वाली बात यह है कि प्रिलिम्स के अंक सिर्फ मेन्स के लिए छांटने में काम आएंगे, फाइनल स्कोर में नहीं जुड़ेंगे। मेन्स राउंड में मास्टर के लिए स्टूडियो टेस्ट व इंटरव्यू होगा, जबकि बैचलर उम्मीदवारों को स्टूडियो सेंसिटिविटी टेस्ट और आमने-सामने के सेंसिटिविटी टेस्ट से गुजरना होगा।
PhD में दाखिले के लिए डिजाइन में मास्टर डिग्री या तय डिप्लोमा, अथवा आर्किटेक्चर, फाइन आर्ट्स या एप्लाइड आर्ट्स में 55% अंकों के साथ मास्टर डिग्री होना जरूरी है। इसके अलावा NID की डिजाइन डिग्री के साथ 3 साल का अनुभव रखने वाले भी आवेदन कर सकते हैं। यहां चयन प्रक्रिया चार चरणों में होगी—पात्रता जांच, रिसर्च प्रपोजल का मूल्यांकन, डिज़ाइन रिसर्च टेस्ट और अंत में इंटरव्यू। रिसर्च प्रपोजल 2,000 से 3,000 शब्दों के बीच होना चाहिए। पूरी जानकारी और आवेदन के लिए विद्यार्थी संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट admissions.nid.edu पर जा सकते हैं।