राजस्थान में स्वास्थ्य महकमे को बड़ी सौगात: 3578 नर्स-CHO को मिली नई तैनाती, 2176 और अभ्यर्थियों की जल्द बारी!
प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में अब मरीजों को मिलेगी और बेहतर चिकित्सा सुविधा! NHM के तहत हुई बंपर भर्ती में सफल अभ्यर्थियों को पदस्थापन मिलना शुरू, जानिए पूरी डिटेल्स।
अनन्य सोच। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में भर्तियों को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल और चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देश पर मिशन मोड में चल रही भर्ती प्रक्रिया के तहत नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के 3578 पदों पर नर्स और CHO (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) को पदस्थापन दे दिया गया है। खास बात यह है कि अभी 2176 और अभ्यर्थियों को ब्रिज कोर्स के बाद जल्द ही नियुक्ति मिलने वाली है, जिससे प्रदेशभर के अस्पतालों में स्टाफ की कमी दूर होने की उम्मीद जगी है।
NHM मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने बताया कि राजस्थान अधीनस्थ मंत्रालयिक चयन बोर्ड (RSMSSB) ने संविदा नर्स एवं CHO भर्ती-2025 की प्रक्रिया पूरी कर ली है। जारी फाइनल रिजल्ट के आधार पर संविदा नर्स-2025 में चयनित 1932 अभ्यर्थियों को नर्स पदों पर तैनाती दे दी गई है।
इसी तरह CHO पद के लिए चयनित कुल 3822 अभ्यर्थियों में से ब्रिज कोर्स पूरा कर चुके 1646 अभ्यर्थियों को राजहेल्थ पोर्टल (RajHealth Portal) के जरिए पदस्थापन मिल चुका है। डॉ. जोगाराम ने बताया कि शेष बचे 2176 चयनित CHO अभ्यर्थियों को विभागीय स्तर पर ब्रिज कोर्स करवाया जाएगा, जिसके बाद उन्हें भी जल्द ही नियुक्ति दे दी जाएगी।
गौरतलब है कि इस भर्ती के तहत संविदा नर्स और CHO का पदस्थापन राजस्थान के सभी 41 जिलों में किया गया है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूती मिलेगी। सरकार के इस कदम से जहां हजारों बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिला है, वहीं आमजन को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।