प्राध्यापक भर्ती 2025 पर बड़ा अपडेट: हिंदी, अंग्रेजी, वाणिज्य, इतिहास और रसायन के अभ्यर्थियों के लिए जरूरी तारीखें जारी, चूके तो हाथ से निकल सकता है मौका

RPSC ने जारी किए विस्तृत आवेदन पत्र भरने के दिशा-निर्देश, हर विषय के लिए अलग-अलग डेडलाइन तय, माध्यमिक शिक्षा विभाग बीकानेर करेगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन

Aug 14, 2026 - 07:35
Aug 14, 2026 - 10:41
 0
प्राध्यापक भर्ती 2025 पर बड़ा अपडेट: हिंदी, अंग्रेजी, वाणिज्य, इतिहास और रसायन के अभ्यर्थियों के लिए जरूरी तारीखें जारी, चूके तो हाथ से निकल सकता है मौका

अनन्य सोच। राजस्थान में प्राध्यापक बनने का सपना देख रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए एक बेहद जरूरी खबर सामने आई है, जिसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के तहत हिंदी, अंग्रेजी, वाणिज्य, इतिहास और रसायन विषय की विचारित सूचियों में शामिल अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत आवेदन पत्र भरने से जुड़े दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। लेकिन सबसे अहम बात यह है कि हर विषय के लिए आवेदन की डेडलाइन अलग-अलग रखी गई है, ऐसे में जरा सी लापरवाही अभ्यर्थियों को भारी पड़ सकती है।

सबसे पहले बात करें हिंदी विषय की, तो इसकी विचारित सूची 7 अगस्त 2026 को जारी हुई थी और विस्तृत आवेदन पत्र भरने की अवधि 13 अगस्त से 19 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक रखी गई है। वहीं अंग्रेजी और वाणिज्य विषय के लिए विचारित सूची 10 अगस्त 2026 को जारी हुई थी, जिसके लिए आवेदन की अवधि 14 अगस्त से 20 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक निर्धारित की गई है।

इसके अलावा इतिहास और रसायन विषय के अभ्यर्थियों के लिए भी अहम जानकारी है। इन दोनों विषयों की विचारित सूची 11 अगस्त 2026 को जारी हुई थी और इनके लिए विस्तृत आवेदन पत्र भरने की अवधि 16 अगस्त से 22 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक तय की गई है।

आयोग सचिव ने स्पष्ट किया कि विचारित सूचियों में अस्थाई रूप से शामिल सभी अभ्यर्थियों को अपनी SSO आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर My Recruitment-Detailed Form cum Scrutiny सेक्शन में जाकर अप्लाई नाउ के जरिए अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरना अनिवार्य होगा। खास बात यह है कि आवेदन पत्र और दस्तावेजों की जांच सीधे आयोग द्वारा नहीं, बल्कि माध्यमिक शिक्षा विभाग, बीकानेर द्वारा की जाएगी।

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि ऑनलाइन फॉर्म सबमिट करने के बाद प्रिंट ऑप्शन के जरिए आवेदन पत्र की दो प्रतियां जरूर निकाल लें और उन्हें संभालकर रखें। दस्तावेज सत्यापन के लिए तय तारीख, समय और स्थान की सूचना संबंधित विभाग द्वारा ही दी जाएगी, आयोग की ओर से इस बारे में कोई अलग जानकारी नहीं भेजी जाएगी। यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तारीख पर उपस्थित नहीं होता है, तो उसे अपात्र मानते हुए परिणाम से बाहर कर दिया जाएगा।

दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र अभ्यर्थियों की सूची विभाग द्वारा आयोग को भेजी जाएगी, जिसके बाद ही आयोग अंतिम परिणाम जारी कर चयनित अभ्यर्थियों के नाम नियुक्ति के लिए संबंधित विभाग को भेजेगा।