चांदी के गहनों से सजे हाथियों ने बिखेरा जलवा, आमेर के हाथी गांव में हुआ अनोखा रैंप वॉक
विश्व हाथी दिवस पर जयपुर के हाथी गांव में कुछ ऐसा हुआ, जिसे देखकर पर्यटक अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पाए। पारंपरिक पोशाक और चांदी के गहनों में सजे हाथियों ने जब रैंप वॉक किया, तो पूरा माहौल किसी शाही महफिल में बदल गया। आखिर इस अनोखे आयोजन में और क्या-क्या खास रहा? जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।
अनन्य सोच । विश्व हाथी दिवस के मौके पर बुधवार को आमेर स्थित हाथी गांव में एक अनूठा एलीफेंट फैशन शो आयोजित किया गया, जिसने पर्यटकों का दिल जीत लिया। पारंपरिक पोशाक और प्राचीन आभूषणों से सजे हाथी जब रैंप पर उतरे, तो यह नजारा हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया। हथिनी चंदा और पुष्पा के साथ नर हाथी बाबू ने भी शाही अंदाज में अपनी अदाएं बिखेरीं।
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि बाबू, पुष्पा और चंदा सहित कई हाथियों को करीब 62 किलो चांदी के पारंपरिक गहनों से सजाया गया था। चांदी के इन भारी-भरकम आभूषणों में हाथियों की शाही चाल देखकर मौजूद पर्यटक और मेहमान दंग रह गए। इस पूरे आयोजन के जरिए हाथियों के संरक्षण और उनके प्रति संवेदनशीलता का भी अहम संदेश दिया गया।
फैशन शो के साथ-साथ हाथियों के लिए खास स्टॉल भी लगाए गए, जहां करीब तीन हजार किलो विभिन्न प्रकार के फल रखे गए। हाथियों ने इन ताजे फलों का जमकर आनंद उठाया, जिसे देखकर बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी खुश नजर आए। इस खास मौके पर हथनी जोनाली का जन्मदिन भी बड़े ही अनोखे अंदाज में मनाया गया, जिसमें उसके लिए विशेष केक काटा गया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटक इस अद्भुत नजारे को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। खास बात यह रही कि इस आयोजन में आर्मेनिया और सोमालिया से आए डिप्लोमेट्स भी शामिल हुए, जिन्होंने भारतीय संस्कृति और वन्यजीव संरक्षण की इस अनूठी पहल की जमकर सराहना की।