जयपुर की अंतरराष्ट्रीय उड़ान को बड़ा झटका: बैंकॉक फ्लाइट सेवा बंद, यात्रियों की बढ़ी चिंता

एयरएशिया ने फिलहाल रोकी जयपुर-बैंकॉक सीधी उड़ान, अक्टूबर में दोबारा शुरू होने की उम्मीद

May 11, 2026 - 14:36
May 11, 2026 - 14:52
 0
जयपुर की अंतरराष्ट्रीय उड़ान को बड़ा झटका: बैंकॉक फ्लाइट सेवा बंद, यात्रियों की बढ़ी चिंता

अनन्य सोच। राजस्थान की राजधानी जयपुर की अंतरराष्ट्रीय एयर कनेक्टिविटी को बड़ा झटका लगा है। जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बीच संचालित होने वाली एयरएशिया की सीधी फ्लाइट सेवा को फिलहाल बंद कर दिया गया है। रविवार को इस उड़ान का अंतिम संचालन हुआ, जबकि सोमवार से सेवा पूरी तरह रोक दी गई है।

यह फ्लाइट बैंकॉक से रात 10:15 बजे जयपुर पहुंचती थी और यहां से रात 11:15 बजे वापस बैंकॉक के लिए रवाना होती थी। जयपुर से दक्षिण-पूर्व एशिया की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सेवा काफी सुविधाजनक मानी जाती थी। पर्यटन, व्यापार और मेडिकल यात्रा के लिहाज से भी इस रूट पर यात्रियों की अच्छी संख्या रहती थी।

फ्लाइट बंद होने से अब जयपुर और आसपास के यात्रियों को बैंकॉक या अन्य दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों की यात्रा के लिए दिल्ली, मुंबई या अन्य बड़े एयरपोर्ट से कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ेगी। इससे यात्रियों का समय और खर्च दोनों बढ़ने की संभावना है।

एयरलाइन सूत्रों के अनुसार यह सेवा अस्थायी रूप से बंद की गई है और अक्टूबर 2026 में इसके दोबारा शुरू होने की उम्मीद जताई गई है। हालांकि, फिलहाल सेवा बंद होने से पर्यटन और ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारियों में चिंता का माहौल है। ट्रैवल एजेंसियों का कहना है कि सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है ताकि जयपुर को पर्यटन और व्यापार के बड़े केंद्र के रूप में और मजबूती मिल सके।

विशेषज्ञों का मानना है कि जयपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का निरंतर संचालन बेहद जरूरी है। बैंकॉक फ्लाइट बंद होने से न केवल यात्रियों को परेशानी होगी बल्कि पर्यटन उद्योग पर भी असर पड़ सकता है।