भव्य शोभायात्रा में गूंजे जयकारे, दो दर्जन झांकियों ने मोहा मन
अनन्य सोच। भगवान श्री परशुराम जी की भव्य शोभायात्रा गुरुवार को जयपुर की चारदीवारी में उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई। राजस्थान ब्राह्मण महासभा, जयपुर महानगर के तत्वावधान में जलेब चौक से प्रारंभ हुई इस शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय रंग में रंग दिया। बैंडबाजे की मधुर धुनों और जयकारों के बीच निकली यात्रा में भगवान परशुराम जी के जीवन से जुड़ी दो दर्जन आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं।
शोभायात्रा का शुभारंभ ब्रह्मपीठाधीश्वर स्वामी रामरतन देवाचार्य महाराज के सान्निध्य में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया। केसरिया साफों में सजे विप्र समाज के साथ यात्रा बड़ी चौपड़ पहुंची, जहां विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने महाआरती की। सांगानेरी गेट व अन्य स्थानों पर भी श्रद्धालुओं ने आरती व पुष्पवर्षा से स्वागत किया।
संयोजक हनुमान सहाय शर्मा और महामंत्री शिव कुमार भारद्वाज के अनुसार, शोभायात्रा में 1100 महिलाएं एक समान वेशभूषा में मंगल गीत गाते हुए शामिल हुईं। युवा अध्यक्ष पं. करण शर्मा के नेतृत्व में युवाओं ने जोश के साथ जयघोष किए। हाथी, घोड़े, ऊंट और बैंड ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ाया।
झांकियों ने खींचा ध्यान
शोभायात्रा में गणेश जी, शिव परिवार, राधा-कृष्ण, श्रीराम दरबार, हनुमान जी और परशुराम जी के विविध रूपों की झांकियां विशेष आकर्षण रहीं। मुख्य रथ पर विराजित भगवान परशुराम जी की झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मार्ग में बड़ी संख्या में लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
छोटी चौपड़ पर प्रसाद वितरण के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ।