कृषि योजनाओं की समीक्षा बैठक: अंतिम किसान तक पारदर्शी और समयबद्ध लाभ पहुंचाने पर फोकस
Ananya soch: Agri Policy Rajasthan
अनन्य सोच। Rajasthan Agriculture Department: जयपुर स्थित पंत कृषि भवन में राज्य की कृषि योजनाओं की समीक्षा के लिए गठित कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक में योजनाओं के लाभ को अंतिम छोर पर बैठे किसान तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया गया. प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीनी स्तर की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरती जाए. संयुक्त शासन सचिव, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार संजय अग्रवाल ने बागवानी फसलों—फल, फूल एवं सब्जियों—की अपार संभावनाओं को रेखांकित करते हुए ठोस कार्ययोजना बनाने पर बल दिया. सूक्ष्म सिंचाई, जल संरक्षण तथा ईसबगोल, जीरा, सौंफ जैसी फसलों की उन्नत किस्मों के प्रसार पर भी चर्चा हुई. बैठक में आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज वितरण, मृदा स्वास्थ्य सुधार, जैविक खेती और पशुपालन को बढ़ावा देने पर सहमति बनी. जिला स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग और किसानों से सीधे संवाद का निर्णय लिया गया.