एक हफ्ते से ठप ‘वाहन’ पोर्टल, आरटीओ दफ्तरों में थमे काम; परेशान होकर लौट रहे लोग
जयपुर सहित प्रदेशभर के परिवहन कार्यालयों में बढ़ी अव्यवस्था, वाहन पंजीयन और एनओसी जैसी सेवाएं प्रभावित
अनन्य सोच। परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग का ‘वाहन’ पोर्टल पिछले एक सप्ताह से लगातार तकनीकी खामियों का सामना कर रहा है, जिससे प्रदेशभर के परिवहन कार्यालयों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है। राजधानी जयपुर के आरटीओ प्रथम और आरटीओ द्वितीय कार्यालयों में स्थिति सबसे अधिक गंभीर बनी हुई है, जहां वाहन पंजीयन, ट्रांसफर, हाइपोथिकेशन हटाने और अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं लगभग ठप पड़ी हैं। पोर्टल में आ रही लगातार तकनीकी दिक्कतों के कारण रोजाना सैकड़ों लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए परिवहन कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन सर्वर डाउन होने और प्रक्रिया पूरी नहीं होने से उन्हें बिना काम के लौटना पड़ रहा है। इससे वाहन मालिकों के साथ-साथ वाहन डीलर्स, एजेंट्स और परिवहन विभाग से जुड़े अन्य लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, दूसरे राज्यों से जुड़े वाहन असाइनमेंट, एनओसी जारी करने और ट्रांसफर से संबंधित कई प्रक्रियाएं भी लंबित हो गई हैं। कई मामलों में दस्तावेज अपलोड नहीं हो पा रहे, जबकि कुछ आवेदनों की प्रक्रिया बीच में ही अटक रही है। इसके चलते लंबित फाइलों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
परिवहन विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि सर्वर बार-बार डाउन होने और पोर्टल की धीमी कार्यप्रणाली के कारण सामान्य कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो चुका है। तकनीकी समस्या की जानकारी परिवहन मुख्यालय स्तर पर भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान सामने नहीं आया है।
आमजन का कहना है कि कई लोग दूर-दराज क्षेत्रों से परिवहन कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उनका काम नहीं हो पा रहा। यदि जल्द ही पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में लंबित मामलों का दबाव और बढ़ सकता है, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर भी असर पड़ने की आशंका है।