7 राज्यों से आए 18 आर्टिस्ट्स ने 60 कलाकृतियों में उकेरा अन्तर्मन का मनोरम दृश्य 

ग्रीन सी आर्ट गैलरी में शुरू हुई सामूहिक प्रदर्शनी का समापन 28 फरवरी को  राजस्थान कला अकादेमी के अध्यक्ष लक्ष्मण व्यास और क्यूरेटर मोनिका शारदा रही उपस्थित 

7 राज्यों से आए 18 आर्टिस्ट्स ने 60 कलाकृतियों में उकेरा अन्तर्मन का मनोरम दृश्य 

अनन्य सोच, जयपुर। देश के जाने-माने आर्टिस्ट सुब्रता गंगोपाध्याय ने अपनी रचना में खूबसूरती से नाचती कृष्णप्रियायों को चटकीले रंगों के साथ कैनवास पर जीवित किया। कुछ ऐसा ही नजारा था शहर में स्थित ग्रीन सी आर्ट गैलरी में आयोजित हुई भव्य पैन इंडिया एग्जीबिशन 2023 का, जहां देशभर के चर्चित कलाकारों ने अपनी कलाकृतियों को प्रस्तुत किया। शनिवार से आरम्भ हुई इस कला प्रदर्शनी का उद्घाटन राजस्थान ललित कला अकादमी के अध्यक्ष लक्ष्मण व्यास और शो क्यूरेटर मोनिका शारदा ने दीप प्रज्जवलित कर किया। शो में देश के नामी 18 आर्टिस्ट्स की इस सामूहिक कला प्रदर्शनी में लगभग 60 कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया। जिसमें देश के 7 स्टेट्स, तेलंगाना, वेस्ट बंगाल, आंध्रप्रदेश, गुजरात, दिल्ली, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से आर्टिस्ट आए। जिनमें देबाशीष देब, धन प्रसाद, कटकुरी रवि, कुसुम लता, महेश पाल, मोनालिसा सरकार, मृणाल दत्त, नबनीता सी कोनर, नानासाहेब, प्रकाश अम्बेगाओंकर, रघु नेवारे, सौमेन साहा, सुब्रता गंगोपाध्याय, सुमित्रा अहलवात, स्वाति द्रविड़, तामीली दास, तपस देबनाथ और उत्तम भट्टाचार्य ने अपनी रंगों, कल्पनाओं, हस्तकलाओं का नमूना पेश किया।

28 फरवरी तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में स्त्रीयों के कई रूप देखने को मिले। जहां कई पेंटिंग्स में स्त्रियां अपने जीवन की आपाधापी से लड़ रही है वहीं कुछ कलाकृतियों में वे सभी बंदिशों को तोड़ते हुए कृष्ण लीला और होली के त्यौहार का अपनी सहेलियों के साथ उत्सव मना रही है। इसी बीच ऑयल पेंटिंग, चारकोल पेंटिंग, रियल आर्ट जैसे विभिन्न आर्ट फॉर्म्स में कही बनारस के घाट, पुजारी और मंदिरों को देखा जा सकते है तो कही इजिप्ट का रेगिस्तानी शहर, आज के मॉडर्न टाउन और रावण का मॉडर्न रूप पेंटिंग्स के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।