भारतीय साहित्य की साधिका को सम्मान: नमिता गोखले को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
Ananya soch
अनन्य सोच। प्रतिष्ठित लेखिका, सांस्कृतिक संरक्षिका और जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल की सह-संस्थापिका नमिता गोखले को बनारस लिट फेस्ट बुक अवॉर्ड्स 2026 में भर्तेंदु हरिश्चंद्र लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से अलंकृत किया गया. यह सम्मान भारतीय साहित्य में उनके बहुआयामी, दीर्घकालिक और प्रभावशाली योगदान की सशक्त स्वीकृति माना जा रहा है.
पिछले 19 वर्षों से नमिता गोखले ने जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उनके नेतृत्व और दृष्टि ने इस आयोजन को विश्व के सबसे बड़े साहित्यिक मंचों में स्थापित किया.
अंग्रेज़ी में 26 पुस्तकों की रचयिता नमिता गोखले का लेखन भारतीय परंपरा और समकालीन चेतना के बीच सेतु का कार्य करता है. उनके उपन्यास ‘थिंग्स टू लीव बिहाइंड’ के लिए उन्हें वर्ष 2021 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था.
सम्मान ग्रहण करते हुए नमिता गोखले ने कहा कि भर्तेंदु हरिश्चंद्र के नाम से जुड़ा यह पुरस्कार उनके लिए भावनात्मक और प्रेरणादायी है. उन्होंने बनारस लिट फेस्ट जैसे मंचों को साहित्यिक संवाद, विविधता और सृजनात्मकता के लिए अत्यंत आवश्यक बताया.
यह सम्मान भारतीय साहित्य और सांस्कृतिक चेतना में उनके अमूल्य योगदान को नई गरिमा प्रदान करता है.