प्री-मानसून का ‘मौसम अलर्ट’: 28-30 अप्रैल तक देशभर में तेज बारिश और आंधी का खतरा
राजस्थान सहित कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी; बदलेगा मौसम का मिजाज
अनन्य सोच। देश में प्री-मानसून की सक्रियता ने मौसम को अचानक बदल दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 28, 29 और 30 अप्रैल के लिए देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस दौरान तेज हवाएं, धूल भरी आंधी, बिजली गिरने और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।
पिछले वर्ष 2025 में अच्छी बारिश के बाद इस साल भी बेहतर मानसून के संकेत मिल रहे हैं, हालांकि अल-नीनो के प्रभाव को लेकर कुछ आशंकाएं बनी हुई हैं। इसके बावजूद प्री-मानसून की यह सक्रियता मौसम में तेज बदलाव का संकेत दे रही है।
उत्तर-पश्चिम भारत में प्रभाव:
राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक कई स्थानों पर भारी से हल्की बारिश होगी। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
पूर्वी व मध्य भारत में अलर्ट:
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बारिश का दौर देखने को मिलेगा। यहां 30-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा रहेगा।
दक्षिण भारत में सक्रियता:
केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
पूर्वोत्तर व पश्चिम भारत:
असम, मेघालय सहित पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश होगी, वहीं महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में भी भारी वर्षा और आंधी की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।