5 से 80 साल तक के कलाकारों का अनोखा संगम! जयपुर में सुरों ने रचा ऐसा जादू, झूम उठे दर्शक

दर्शक संस्था के वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम 'आओ झूमे गाएं' में 60 कलाकारों ने लोकगीत, शास्त्रीय संगीत और डांस परफॉर्मेंस से बांधा समां

Jun 28, 2026 - 17:15
Jun 28, 2026 - 17:16
 0
5 से 80 साल तक के कलाकारों का अनोखा संगम! जयपुर में सुरों ने रचा ऐसा जादू, झूम उठे दर्शक

अनन्य सोच। राजधानी जयपुर में शनिवार शाम एक ऐसा सांगीतिक नजारा देखने को मिला, जिसने हर उम्र के दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मालवीय नगर स्थित दर्शक कॉलेज ऑफ म्यूजिक एंड आर्ट्स के मुख्य सभागार में दर्शक संस्था का वार्षिक कल्चरल इवेंट 'आओ झूमे गाएं' उल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ। सबसे खास बात यह रही कि इस प्रोग्राम में 5 साल के बच्चे से लेकर 80 साल के बुजुर्ग कलाकार तक, यानी कुल 60 परफॉर्मर्स ने एक साथ मंच पर अपनी प्रतिभा का जादू बिखेरा।

दर्शक संस्था, दर्शक कॉलेज एवं स्वरमय म्यूजिक एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस इवेंट का संपूर्ण डायरेक्शन संगीत गुरु राजीव भट्ट ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रकृति और मौसम पर आधारित सामूहिक गीतों से हुई, जिनके बोल संयोजिका प्रोमिला राजीव ने लिखे थे। इसके बाद राग मेघ मल्हार की प्रस्तुति ने वातावरण को सुरमय बना दिया, जिससे श्रोता बारिश के मौसम की अनुभूति में डूब गए।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पल वह रहा जब लगभग 30 कलाकारों ने राग भीम पलासी पर आधारित इंस्ट्रूमेंटल परफॉर्मेंस दी, जिसने भारतीय शास्त्रीय संगीत की गरिमा का बखूबी परिचय दिया। लोकगीतों की सजीव प्रस्तुतियों ने भारतीय लोक संस्कृति के रंग बिखेरे, जबकि अंत में राग यमन कल्याण की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राधिका कल्चर सोसायटी की निदेशक रेखा सैनी के निर्देशन में हुई डांस परफॉर्मेंस ने भी जोरदार तालियां बटोरीं।

मुख्य कलाकारों में पियूष कुमार, रेखा भट्ट, सौम्या वर्मा, मीरा भट्ट, मनोहर पोपली, राजू सजनानी, सुरेंद्र बिजावत, अदिति वत्स और कीर्ति सिंह सहित कई कलाकार शामिल रहे। वाद्य संगत में पियूष कुमार (की-बोर्ड), सावन डांगी (तबला) और महेंद्र कुमार (ढोलक) की सधी हुई परफॉर्मेंस ने इवेंट को यादगार बना दिया।