कोलकाता में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की शिरकत, सुवेंदु अधिकारी को दी शुभकामनाएं

पश्चिम बंगाल में नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत, शपथ ग्रहण समारोह में जुटे देशभर के दिग्गज नेता

May 9, 2026 - 22:28
May 10, 2026 - 11:32
 0
कोलकाता में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की शिरकत, सुवेंदु अधिकारी को दी शुभकामनाएं

अनन्य सोच। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को कोलकाता में आयोजित पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस भव्य समारोह में सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

डबल इंजन सरकार से विकास को मिलेगी नई गति

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार पश्चिम बंगाल के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सरकार राज्य में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगी।

राष्ट्रीय नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति

शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ सदस्य, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। समारोह में देशभर के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया।

बंगाल में नई राजनीतिक दिशा की उम्मीद

सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने को पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। समारोह के दौरान पूरे वातावरण में उत्साह और उल्लास का माहौल नजर आया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।