Iran Khamenei Death: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत: अमेरिका-इजरायल संयुक्त एयर स्ट्राइक ने बदल दिया मध्य पूर्व का नक्शा
मध्य पूर्व में तनाव की नई ऊँचाई
Ananya soch: Iran Khamenei Death
अनन्य सोच। Middle East Crisis: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत की आधिकारिक पुष्टि ईरानी राज्य मीडिया ने कर दी है. (US Israel Strike) अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए संयुक्त एयर स्ट्राइक में 86 वर्षीय खामेनेई अपने तेहरान स्थित आधिकारिक परिसर में शहीद हो गए. अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसे “इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक के अंत” के रूप में वर्णित किया, जबकि इजरायली रक्षा मंत्री ने ‘शेर की दहाड़’ अभियान का हिस्सा बताया. 1989 से ईरान के सर्वोच्च नेता रहे खामेनेई ने लगभग चार दशकों तक देश की विदेश नीति, सैन्य रणनीति और इस्लामी क्रांति की रक्षा की कमान संभाली. उनकी मौत के साथ सत्ता संक्रमण प्रक्रिया शुरू हो गई है. इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने “सबसे विध्वंसक जवाबी कार्रवाई” की चेतावनी जारी की है. हमले में खामेनेई के परिवार के कई सदस्यों—बेटी, दामाद, बहू और पोते—की भी मौत की खबर है, जिससे शोक की गंभीर लहर फैली है. ईरानी कैबिनेट ने 7 दिनों की सार्वजनिक छुट्टी और 40 दिनों का राजकीय शोक घोषित किया है. सरकारी कार्यालय, स्कूल, बैंक और संस्थान बंद रहेंगे, और शिया परंपरा के अनुसार चेहलम (अरबईन) तक मातम जारी रहेगा. काले झंडे लहराते हुए तेहरान, कुम और मशहद जैसे प्रमुख शहरों में लाखों लोग सड़कों पर हैं. राज्य टीवी पर लगातार खामेनेई की तस्वीरें और भाषण प्रसारित हो रहे हैं, और प्रस्तुतकर्ताओं ने कहा है, “उनका मार्ग और मिशन अब और अधिक जोश के साथ जारी रहेगा. ”इसी बीच, ईरान ने जवाबी कार्रवाई के रूप में इजरायल, अमेरिकी सैन्य ठिकानों और क्षेत्रीय देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमले तेज किए हैं; दुबई, दोहा और इजरायल में विस्फोटों की खबरें मिल रही हैं. सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना से क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ सकती है और संभवतः ईरान के उत्तराधिकारी को लेकर आंतरिक संघर्ष उभर सकता है। दुनिया की नज़रें अब ईरान के अगले कदम पर टिकी हैं.