सिटी पैलेस में सांस्कृतिक विरासत शिविर में मिलेंगे प्रमाण-पत्र

जयपुर के सिटी पैलेस में एक माह से चल रहे सांस्कृतिक विरासत प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह शुक्रवार दोपहर 12 बजे होगा, जिसमें प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

Jun 17, 2026 - 22:53
Jun 17, 2026 - 22:55
 0
सिटी पैलेस में सांस्कृतिक विरासत शिविर में मिलेंगे प्रमाण-पत्र

अनन्य सोच। महाराजा सवाई मानसिंह द्वितीय संग्रहालय, रंगरीत स्टूडियो एवं सरस्वती कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में सिटी पैलेस में चल रहे सांस्कृतिक विरासत प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह कल दोपहर 12 बजे आयोजित होगा। एक माह से चल रहे इस शिविर में पारंपरिक चित्रकला, फ़्रेस्को कला और नाट्य विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया।

समापन से पहले नाहन राजपरिवार के सदस्य महाराजा लक्ष्यराज प्रकाश ने शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने वरिष्ठ चित्रकार डॉ नाथूलाल वर्मा के सान्निध्य में फ़्रेस्को चित्रकला की पारंपरिक तकनीक भी सीखी। विद्यार्थियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पारंपरिक कलाएं और सांस्कृतिक धरोहर अमूल्य विरासत हैं, जिनके संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है। उन्होंने सामूहिक प्रयासों से इन कलाओं को आगे ले जाने पर जोर दिया।

इस दौरान महाराजा ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों को देखा और उनकी सराहना की। ‘सनातन संस्कृति में कछवाहा वंश का योगदान’ विषय पर तैयार हो रही लघु नाटिका के अभ्यास का भी निरीक्षण किया गया।

शिविर संयोजक वैदिक चित्रकार रामू रामदेव ने बताया कि चित्रकला प्रशिक्षण रामू रामदेव, बाबूलाल मारोठिया, हरी नारायण मारोठिया और लक्ष्मीनारायण कुमावत सहित कई विशेषज्ञ कलाकारों द्वारा दिया गया।

समापन समारोह में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा और शिविर में बनी कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जो दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगी।