बर्फीली वादियों में विकास का बिगुल: लद्दाख में 5 नए जिलों की एंट्री, अब बदल जाएगा सीमाओं का पूरा सिस्टम
अविनाश। नुब्रा से द्रास तक प्रशासनिक क्रांति; मोदी विजन को मिली नई रफ्तार, दूरदराज इलाकों में पहुंचेगा विकास
अनन्य सोच। देश के सबसे संवेदनशील और खूबसूरत केंद्रशासित प्रदेशों में शामिल लद्दाख में प्रशासनिक इतिहास का सबसे बड़ा बदलाव हाल ही के दिनों में देखने को मिला है। जहाँ हाल ही में उपराज्यपाल Vinai Kumar Saxena ने पांच नए जिलों के गठन की अधिसूचना को मंजूरी देकर पूरे क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगा दी है। इस फैसले के बाद अब लद्दाख में कुल जिलों की संख्या दो से बढ़कर सात हो गई है। नए जिलों में नुब्रा, शाम, चांगथांग (चांगयांग), जांस्कर और द्रास शामिल हैं।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले को “लद्दाख के लिए ऐतिहासिक दिन” बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है और प्रधानमंत्री Narendra Modi के ‘विकसित और समृद्ध लद्दाख’ विजन को नई मजबूती देगा।
अब पहाड़ों के पार भी पहुंचेगा प्रशासन
अब तक लद्दाख में केवल दो जिले—लेह और कारगिल—ही थे। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, ऊंचे पहाड़ों, बर्फीले रास्तों और लंबी दूरी के कारण आम लोगों को सरकारी सेवाओं तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई गांव ऐसे थे जहां प्रशासनिक सहायता समय पर नहीं पहुंच पाती थी।
नए जिलों के गठन से स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक फैसले तेजी से लिए जा सकेंगे। जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और विभागीय अधिकारियों की तैनाती से स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क निर्माण, बिजली, पर्यटन और कृषि जैसी सुविधाओं में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी सीधे और तेजी से मिलेगा।
हर नया जिला अपने आप में खास
नुब्रा घाटी अपनी खूबसूरत वादियों, रेत के टीलों और दो कूबड़ वाले ऊंटों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। शाम क्षेत्र लेह के आसपास के गांवों को प्रशासनिक रूप से मजबूत करेगा। चांगथांग का पठार अपनी ऊंचाई और खानाबदोश जीवनशैली के लिए जाना जाता है।
वहीं जांस्कर अपनी बर्फीली घाटियों और बौद्ध संस्कृति के कारण अंतरराष्ट्रीय पहचान रखता है। द्रास, जिसे दुनिया के सबसे ठंडे आबाद क्षेत्रों में गिना जाता है, कारगिल युद्ध की वीरगाथाओं का अहम केंद्र भी रहा है। ऐसे में नए जिलों का गठन केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पर्यटन, रोजगार और सुरक्षा को मिलेगा बूस्ट
विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से पर्यटन उद्योग में जबरदस्त उछाल देखने को मिल सकता है। स्थानीय गाइड्स, होमस्टे, हस्तशिल्प और छोटे कारोबारों को नए अवसर मिलेंगे। सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रशासन मजबूत होने से सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक प्रभावी होगी।
उपराज्यपाल कार्यालय ने नए जिलों के सुचारू संचालन के लिए यूटी-स्तरीय समिति के गठन को भी मंजूरी दे दी है। यह समिति कार्यालय भवन, स्टाफ नियुक्ति, सीमा निर्धारण और बजट आवंटन जैसे अहम मुद्दों पर सिफारिशें देगी।
स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे “लद्दाख के भविष्य की नई शुरुआत” बताया है। लोगों का कहना है कि अब विकास योजनाएं सीधे गांवों तक पहुंचेंगी और क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी।