प्रधानमंत्री की उपस्थिति में सोमनाथ से होगा लाइव प्रसारण, राजस्थान के 41 जिलों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम

‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का भव्य आयोजन आज। श्री झारखंड महादेव मंदिर, जयपुर में होगा राज्य स्तरीय समारोह, शिव स्तुति, कलश यात्रा और महाआरती होंगे आकर्षण

May 10, 2026 - 18:29
May 11, 2026 - 08:32
 0
प्रधानमंत्री की उपस्थिति में सोमनाथ से होगा लाइव प्रसारण, राजस्थान के 41 जिलों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम

अनन्य सोचसोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 मई 2026 (सोमवार) को देशभर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्व को राजस्थान में भी भव्य स्तर पर मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

प्रधानमंत्री की उपस्थिति में राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

देवस्थान विभाग के आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देशभर के प्रमुख शिवालयों में किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु इस ऐतिहासिक अवसर से जुड़ सकेंगे।

जयपुर सहित 41 जिलों में होंगे विशेष आयोजन

राजस्थान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम श्री झारखंड महादेव मंदिर में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। यह आयोजन कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान सरकार तथा देवस्थान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

शिव स्तुति, कलश यात्रा और महाआरती होंगे मुख्य आकर्षण

आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगी, जिसमें शिव स्तुति और भजन गायन प्रमुख आकर्षण रहेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी तथा भगवान शिव का विशेष श्रृंगार एवं पूजा-अर्चना की जाएगी। सामूहिक महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन होगा।

आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी

कला एवं संस्कृति विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी ने बताया कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के माध्यम से सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वय से आयोजन को गरिमामय बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

रविवार को श्री झारखंड महादेव मंदिर परिसर में तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें जयपुर जिला कलेक्टर सन्देश नायक, राज्य नोडल अधिकारी अनुराधा गोगिया सहित विभिन्न अधिकारियों ने भाग लिया।

प्रदेशवासियों से सहभागिता की अपील

आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने निकटतम शिवालय में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागी बनकर इस ऐतिहासिक पर्व के साक्षी बनें। जयपुर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं तथा मंदिर में प्रवेश और दर्शन हेतु गेट नंबर-2 से आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।