RAS-2024 में 26 से 30 साल के अभ्यर्थियों ने मारी बाजी, जयपुर सबसे आगे

गांवों से निकली प्रतिभा ने बढ़ाया दबदबा, इंजीनियर-डॉक्टर भी पहुंचे इंटरव्यू तक; RPSC के आंकड़ों ने खोली तैयारी की असली तस्वीर

May 29, 2026 - 18:37
 0
RAS-2024 में 26 से 30 साल के अभ्यर्थियों ने मारी बाजी, जयपुर सबसे आगे

अनन्य सोच। राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) भर्ती-2024 का परिणाम विश्लेषण सामने आने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की दुनिया में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा जारी आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि इस बार युवाओं, ग्रामीण प्रतिभाओं और प्रोफेशनल डिग्रीधारियों ने साक्षात्कार तक पहुंचने में सबसे मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

1096 पदों के लिए आयोजित इस भर्ती में प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा की कठिन प्रतिस्पर्धा पार कर कुल 2397 अभ्यर्थी साक्षात्कार तक पहुंचे। इनमें 80.10 प्रतिशत अभ्यर्थी 21 से 33 वर्ष आयु वर्ग के रहे। सबसे अधिक 891 अभ्यर्थी 26 से 30 वर्ष आयु वर्ग से थे, जबकि 21 से 25 वर्ष के 725 अभ्यर्थियों ने भी दमदार प्रदर्शन किया।

जिलेवार विश्लेषण में राजधानी जयपुर सबसे आगे रहा। यहां से 247 अभ्यर्थी साक्षात्कार तक पहुंचे, जो कुल सफल उम्मीदवारों का 10.30 प्रतिशत है। वहीं जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर और नागौर ने भी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। खास बात यह रही कि आदिवासी बहुल जिलों उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ से भी कई अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की।

ग्रामीण पृष्ठभूमि के अभ्यर्थियों ने इस बार शहरी उम्मीदवारों को पीछे छोड़ दिया। कुल सफल अभ्यर्थियों में 52.36 प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्र से रहे। इसके अलावा 56.03 प्रतिशत उम्मीदवार पहले से किसी सरकारी या निजी नौकरी में कार्यरत थे।

उच्च शिक्षा के आंकड़े भी चौंकाने वाले रहे। इंटरव्यू तक पहुंचे उम्मीदवारों में 238 इंजीनियर, 14 डॉक्टर, 15 एलएलबी/एलएलएम डिग्रीधारी और 10 एमबीए शामिल रहे। वहीं 39.60 प्रतिशत अभ्यर्थियों के पास पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री थी।

RPSC के अनुसार भर्ती प्रक्रिया फरवरी 2025 से अप्रैल 2026 तक चली। अब यह विश्लेषण केवल आंकड़े नहीं, बल्कि राजस्थान के बदलते प्रतियोगी माहौल और युवाओं की बढ़ती महत्वाकांक्षाओं की कहानी भी बयां कर रहा है।

RAS-2024 Result Analysis Chart

आयु वर्ग सफल अभ्यर्थी प्रतिशत

21-25 वर्ष 725 30.25%

26-30 वर्ष 891 37.17%

31-33 वर्ष 304 12.68%

34-40 वर्ष 405 16.90%

41-45 वर्ष 62 2.59%

46-50 वर्ष 10 0.42%

प्रमुख जिले सफल अभ्यर्थी

जयपुर 247

जोधपुर 114

बाड़मेर 112

बीकानेर 100

नागौर 100