कई ट्रेनों के रूट बदले, कुछ रद्द… सफर से पहले जरूर पढ़ लें ये खबर वरना हो सकती है परेशानी!
बांद्रा टर्मिनस से गोरखपुर और रेवाड़ी रूट तक असर, प्लेटफॉर्म और फुट ओवर ब्रिज निर्माण ने बदली ट्रेनों की चाल
अनन्य सोच। अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। रेलवे द्वारा विभिन्न स्टेशनों पर निर्माण और फुट ओवर ब्रिज कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण रेल सेवाओं को आंशिक रूप से रद्द, परिवर्तित और शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया है, लेकिन अनजान यात्रियों को स्टेशन पहुंचकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी Amit Sudarshan ने बताया कि बांद्रा टर्मिनस स्टेशन पर प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य के कारण भिवानी–बांद्रा टर्मिनस स्पेशल रेलसेवा 28 मई को बोरीवली और बांद्रा टर्मिनस के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा योजना पहले से अपडेट करने की सलाह दी गई है।
गोरखपुर की जगह अब छपरा तक जाएगी ट्रेन
वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण कार्य के कारण साबरमती–गोरखपुर रेलसेवा का अस्थायी विस्तार छपरा स्टेशन तक किया गया है।
रेलवे के अनुसार 28 और 30 मई तथा 4 और 6 जून को साबरमती से रवाना होने वाली ट्रेन अब गोरखपुर के बजाय छपरा पहुंचेगी। वहीं वापसी दिशा में गोरखपुर–साबरमती रेलसेवा 30 मई, 1 जून, 6 जून और 8 अगस्त को गोरखपुर की बजाय छपरा से संचालित होगी।
अगस्त में भी रहेगा असर, कई ट्रेनें पूरी तरह रद्द
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रेवाड़ी–हिसार रेलखंड के मनहेरू स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज गर्डर लॉन्चिंग कार्य के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते अगस्त में कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
भिवानी–रेवाड़ी रेलसेवा 3 और 4 अगस्त को रद्द रहेगी। इसी प्रकार रेवाड़ी–हिसार तथा हिसार–रेवाड़ी रेलसेवाएं भी अलग-अलग तिथियों में निरस्त रहेंगी। वहीं रेवाड़ी–बठिंडा रेलसेवा को रेवाड़ी–भिवानी के बीच आंशिक रूप से रद्द किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें, ताकि अंतिम समय में असुविधा से बचा जा सके।