राजस्थान में पुलिस का ‘महाचक्रव्यूह’ : 727 नाकों पर दो दिन तक चला ऑपरेशन, हर गुजरती गाड़ी बनी जांच का हिस्सा
डीजीपी के निर्देश पर प्रदेशभर में मेगा नाकाबंदी अभियान, शराबी ड्राइवरों से लेकर अवैध हथियार और बजरी माफिया तक पर बड़ी कार्रवाई 35 हजार से ज्यादा वाहनों की जांच, हजारों चालान और 150 से अधिक गिरफ्तारियां
अनन्य सोच। राजस्थान में अपराधियों, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने ऐसा ‘मेगा ऑपरेशन’ चलाया, जिसने पूरे प्रदेश में हलचल मचा दी। पिछले सप्ताह दो दिनों तक चली इस सघन नाकाबंदी में राजस्थान पुलिस ने 727 स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर हजारों वाहनों की तलाशी ली। अभियान के दौरान सड़क पर गुजरने वाली हर संदिग्ध गाड़ी पुलिस की नजर में रही।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का मकसद प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत करना और अपराधियों में पुलिस का भय कायम करना था। पहले दिन जयपुर, जोधपुर और बीकानेर रेंज में अभियान चलाया गया, जबकि दूसरे दिन भरतपुर, उदयपुर और कोटा रेंज में पुलिस ने मोर्चा संभाला।
शराबी ड्राइवर, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वालों पर ताबड़तोड़ चालान
अतिरिक्त महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था वी.के. सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान 16 हजार 676 दोपहिया और 18 हजार 795 चौपहिया वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 262 चालकों पर कार्रवाई की। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1173 लोगों और सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले 1213 वाहन चालकों के चालान काटे गए। मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 75 लोग भी पुलिस कार्रवाई से नहीं बच सके।
ब्लैक फिल्म और फर्जी नम्बर प्लेट वालों की शामत
अभियान में उन वाहनों पर भी विशेष नजर रखी गई, जिनकी नम्बर प्लेट नियमों के विपरीत थी या जिन पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। पुलिस ने नम्बर प्लेट उल्लंघन के 857 और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के 739 मामले दर्ज किए। इसके अलावा अन्य मोटर वाहन अधिनियम उल्लंघनों में 2856 प्रकरण दर्ज किए गए। कुल मिलाकर 7185 एमवी एक्ट मामलों में कार्रवाई की गई।
जोधपुर-उदयपुर में सबसे ज्यादा एक्शन
रेंजवार कार्रवाई में जोधपुर रेंज सबसे आगे रही, जहां 1633 मामले दर्ज किए गए। उदयपुर रेंज में 1583 और जयपुर रेंज में 1094 मामलों में कार्रवाई हुई। बीकानेर, भरतपुर और कोटा रेंज में भी सैकड़ों लोगों पर कार्रवाई की गई।
हथियार, शराब और बजरी माफिया पर भी वार
अभियान के दौरान पुलिस को कई गंभीर आपराधिक गतिविधियों के सुराग भी मिले। अवैध हथियार, मादक पदार्थ और आबकारी मामलों में कई एफआईआर दर्ज की गईं। कोटा रेंज में करीब 75 टन काली बजरी, 4 डम्पर, 4 ट्रैक्टर, 3 पिकअप और 3 ट्रेलर जब्त किए गए। वहीं लगभग 200 लीटर देशी शराब और अवैध धारदार हथियार भी बरामद किए गए।
पुलिस ने विभिन्न मामलों में 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया। डीजीपी श्री शर्मा ने साफ कहा कि प्रदेश में अपराध और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।