T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सन्नाटा. भारत-पाक महामुकाबला रद्द. पाकिस्तान ने मैदान में उतरने से किया इनकार
Ananya soch: T20 World Cup 2026
अनन्य सोच। India Pakistan Match Cancelled: क्रिकेट जगत में आज उस वक्त सनसनी फैल गई, जब (ICC Cricket News) आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में होने वाला सबसे बड़ा और सबसे ज्यादा इंतजार किया जाने वाला मुकाबला भारत बनाम पाकिस्तान रद्द हो गया. पाकिस्तान सरकार (Pakistan Cricket Board) ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि उसकी टीम 15 फरवरी 2026 को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मैच में हिस्सा नहीं लेगी. इस फैसले ने दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया है.
इस निर्णय को (India Pakistan Cricket Rivalry) भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक तनाव का सीधा नतीजा माना जा रहा है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को सरकार से मिली अनुमति के तहत यह साफ कर दिया गया है कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी और श्रीलंका में अपने अन्य मुकाबले खेलेगी, लेकिन भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज का यह मैच फॉरफिट किया जाएगा. सरकारी बयान में स्पष्ट कहा गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के विरुद्ध मैदान में नहीं उतरेगी.
यह खबर क्रिकेट फैंस के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है. भारत-पाकिस्तान मुकाबला न सिर्फ क्रिकेट कैलेंडर का सबसे बड़ा आकर्षण होता है, बल्कि ब्रॉडकास्टर्स और स्पॉन्सर्स के लिए भी यह करोड़ों डॉलर की कमाई का सबसे अहम जरिया माना जाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मैच के नहीं होने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर आईसीसी और ब्रॉडकास्टर्स की ओर से करीब 38 मिलियन डॉलर तक के जुर्माने या कानूनी कार्रवाई का खतरा भी मंडरा रहा है, इसके बावजूद यह फैसला लिया गया है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है और भारत व पाकिस्तान एक ही ग्रुप में शामिल हैं. अब इस मैच के रद्द होने से भारत को सीधे दो अंक मिलने तय माने जा रहे हैं, जबकि पाकिस्तान के लिए सुपर-8 या आगे का सफर और कठिन हो सकता है. क्रिकेट एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यह फैसला पूरी तरह राजनीतिक है, लेकिन इससे खेल की भावना को गहरी चोट पहुंची है.
सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं तेज हैं. कुछ लोग इसे मजबूरी बता रहे हैं, तो कई इसे क्रिकेट प्रेमियों के साथ अन्याय मान रहे हैं. फिलहाल, विश्व कप 2026 अब बिना इंडिया बनाम पाकिस्तान के महामुकाबले के ही आगे बढ़ेगा, जो क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक कड़वी सच्चाई बन गई है.