12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका: फ्री कंप्यूटर ‘O’ लेवल कोर्स के साथ हर महीने मिलेगा वजीफा

15 जून आवेदन की आखिरी तारीख, सरकार देगी मुफ्त ट्रेनिंग, किताबें और सर्टिफिकेट

May 29, 2026 - 17:55
 0
12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका: फ्री कंप्यूटर ‘O’ लेवल कोर्स के साथ हर महीने मिलेगा वजीफा

अनन्य सोच। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं और कंप्यूटर क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत नेशनल करियर सर्विस सेंटर ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के 12वीं उत्तीर्ण युवाओं के लिए निःशुल्क कंप्यूटर ‘O’ लेवल और प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के दौरान हर महीने वजीफा भी दिया जाएगा।

उप-क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अतुल कुमार सोनू ने बताया कि स्पेशल कोचिंग स्कीम के तहत नाइलिट (NIELIT) के माध्यम से कंप्यूटर ‘O’ लेवल सॉफ्टवेयर प्रशिक्षण और कंप्यूटर अवधारणाओं पर आधारित कोर्स संचालित किए जाएंगे। इसके साथ ही ग्रुप ‘सी’ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करवाई जाएगी।

योजना का लाभ केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा जिनके परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपए से कम है। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 जुलाई 2026 से शुरू होंगे और सभी कक्षाएं जयपुर में संचालित की जाएंगी।

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि प्रशिक्षण के दौरान 80 प्रतिशत या उससे अधिक उपस्थिति रखने वाले विद्यार्थियों को 1000 रुपए प्रतिमाह वजीफा दिया जाएगा। साथ ही किताबें और स्टेशनरी भी निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। कोर्स पूरा होने के बाद अंतिम परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी नेशनल करियर सर्विस सेंटर, एमआई कैंपस, झालाना संस्थानिक क्षेत्र, जयपुर में संपर्क कर सकते हैं। अब युवाओं की नजरें इस बात पर हैं कि यह योजना कितने छात्रों के करियर को नई दिशा देने में सफल होती है।