खराब मौसम में जयपुर बना ‘लाइफलाइन’: दो इंटरनेशनल फ्लाइट्स की फुल इमरजेंसी लैंडिंग से टली बड़ी दुर्घटना

दिल्ली में खराब मौसम के चलते एयर एशिया और मलेशिया एयरलाइंस की उड़ानों को जयपुर किया गया डायवर्ट, यात्रियों की सुरक्षित लैंडिंग

खराब मौसम में जयपुर बना ‘लाइफलाइन’: दो इंटरनेशनल फ्लाइट्स की फुल इमरजेंसी लैंडिंग से टली बड़ी दुर्घटना

अनन्य सोच। राजधानी जयपुर ने शुक्रवार देर रात अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात के लिए राहत का बड़ा केंद्र बनकर एक संभावित संकट को टाल दिया। दिल्ली में खराब मौसम के कारण दो इंटरनेशनल फ्लाइट्स को आपात स्थिति में जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतारा गया।

पहला मामला एयर एशिया की कुआलालंपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट का था, जिसे लंबे समय तक दिल्ली के आसमान में चक्कर लगाने के बाद फुल इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। ईंधन कम होने और मौसम साफ न होने की स्थिति में विमान को रात 11:15 बजे जयपुर में सुरक्षित लैंड कराया गया। सभी आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद यह उड़ान रात करीब 3 बजे पुनः दिल्ली के लिए रवाना हुई।

इसी बीच मलेशिया एयरलाइंस की एक अन्य अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी खराब मौसम की चपेट में आ गई। इसे पहले दिल्ली से अहमदाबाद डायवर्ट किया गया, लेकिन अनुकूल परिस्थितियां न मिलने पर अंततः जयपुर लाया गया। यह फ्लाइट रात 11 बजे सुरक्षित उतरी और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद रात 1:50 बजे दिल्ली के लिए रवाना कर दी गई।

इस पूरी घटना ने जयपुर एयरपोर्ट की आपातकालीन तैयारियों और कुशल प्रबंधन को साबित किया। समय रहते लिए गए निर्णय और समन्वय के चलते सैकड़ों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी।