अब कोटा में घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस: राजस्थान स्टेट गैस का डोरस्टेप शिविर अभियान शुरू
1 से 8 मई तक विभिन्न कॉलोनियों में शिविर, मौके पर ही डीपीएनजी कनेक्शन और विशेष प्रोत्साहन
अनन्य सोच। राज्य सरकार के संयुक्त उपक्रम राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड (आरएसजीएल) द्वारा कोटा शहर में घरेलू पाइपलाइन गैस (डीपीएनजी) कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए डोरस्टेप शिविर अभियान शुरू किया जा रहा है। इस पहल के तहत बहुमंजिला अपार्टमेंट्स और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों को उनके नजदीक शिविर लगाकर गैस कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे।
आरएसजीएल के प्रबंध निदेशक विनय पाटनी ने बताया कि कोटावासियों को सुविधाजनक और सुरक्षित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 1 से 8 मई तक विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को मौके पर ही पंजीकरण और कनेक्शन जारी करने की सुविधा मिलेगी। शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में सुभाष नगर प्रथम, विवेकानंद नगर, स्वामी विवेकानंद नगर और राजीव गांधी नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इस दौरान कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को विशेष प्रोत्साहन भी दिया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इस सुविधा से जुड़ सकें।
हाल ही में जयपुर में आयोजित सीजीडी संस्थाओं की बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोरा ने भी जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को डीपीएनजी कनेक्शन से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन गैस न केवल सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल है, बल्कि यह एलपीजी पर निर्भरता भी कम करती है।
उपमहाप्रबंधक (कोटा) सीपी चौधरी के अनुसार शिविरों का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 1 मई को सुभाष नगर प्रथम स्थित स्काईपार्क, 2 मई को विवेकानंद नगर के दीपश्री सानंद, 3 मई को गोल्ड तामरा, 4 मई को शुभ अटलांटिस, 5 मई को दीपश्री सुयोग, 6 मई को राजीव गांधी नगर के स्काईलेन, 7 मई को त्रिपोलिश तथा 8 मई को फोर सीजन में शिविर आयोजित होंगे।
आरएसजीएल ने संकेत दिए हैं कि अन्य कॉलोनियों के लिए भी जल्द ही शिविर कार्यक्रम जारी किया जाएगा, जिससे पूरे कोटा शहर को चरणबद्ध तरीके से पाइपलाइन गैस सुविधा से जोड़ा जा सके।