ग्लासगो में गूंजा भारत का डंका! राजा मुथुपंडी ने रचा इतिहास, PM मोदी ने दी बधाई
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए एक और शानदार पल आया, जब वेटलिफ्टिंग में देश के एक और सितारे ने पदक जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाया। जानिए किस खिलाड़ी की इस उपलब्धि पर खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बधाई दी।
अनन्य सोच। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स (Glasgow Commonwealth Games 2026) में भारत के लिए एक और गर्व का पल आया है। भारतीय वेटलिफ्टर राजा मुथुपंडी ने पुरुषों की 65 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल (Silver Medal) अपने नाम किया। इस उपलब्धि ने पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ा दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजा मुथुपंडी की इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि वेटलिफ्टिंग में भारत के लिए यह एक और पदक है। उन्होंने कहा कि ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों की 65 किलोग्राम स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर राजा मुथुपंडी को बधाई। उनकी इस सफलता से हर भारतीय गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा कि मुथुपंडी के आने वाले प्रयासों के लिए उनकी शुभकामनाएं हमेशा उनके साथ रहेंगी। इस पोस्ट के साथ उन्होंने #CWG2026 हैशटैग का भी इस्तेमाल किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड करने लगा।
गौरतलब है कि राजा मुथुपंडी की यह उपलब्धि भारतीय वेटलिफ्टिंग (Indian Weightlifting) के लिए एक और मील का पत्थर साबित हुई है। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत लगातार अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है, और वेटलिफ्टिंग जैसे इवेंट्स में यह प्रदर्शन देश के खेल जगत के लिए बेहद उत्साहजनक संकेत है। प्रधानमंत्री की तरफ से मिली इस बधाई ने खिलाड़ी का हौसला और भी बुलंद कर दिया है।
खेल प्रेमियों में इस जीत को लेकर उत्साह का माहौल है, और आने वाले दिनों में भारतीय दल से और पदकों की उम्मीद जताई जा रही है।