गुलाबी सूट में Jaipur पहुंचीं Yami Gautam, बोलीं- 'नई नवेली' डरावनी नहीं, पूरे परिवार की Film
Yami Gautam फिल्म 'नई नवेली' के प्रमोशन के लिए जयपुर पहुंचीं। राजमंदिर सिनेमा में उन्होंने कहा कि यह Horror नहीं, पूरी तरह Family Film है।
अनन्य सोच । बॉलीवुड अभिनेत्री Yami Gautam अपनी नई फिल्म 'नई नवेली' के Promotion के लिए गुरुवार को गुलाबी नगरी पहुंचीं। शाम को हवाई अड्डे पर उतरने के बाद रात में वे राजमंदिर सिनेमा में दर्शकों से रूबरू हुईं। फिल्म शुक्रवार को दशहरे के मौके पर रिलीज होगी, और त्योहार पर फिल्म आने की खुशी उनके चेहरे पर साफ दिख रही थी।
गुलाबी शहर के लिए गुलाबी सूट
यामी ने जयपुर से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र किया और इसे बेहद खूबसूरत शहर बताया। उन्होंने कहा कि इस शहर की तारीफ में दो नहीं, दो सौ शब्द भी कम पड़ जाएंगे। गुलाबी नगरी में आने की वजह से ही उन्होंने खास तौर पर गुलाबी रंग का सूट पहना। यह अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया।
'डरावनी नहीं, पूरी तरह Family Entertainer'
फिल्म के बारे में यामी ने कहा कि ट्रेलर देखकर लोगों को लग सकता है कि यह Horror या Horror-Comedy फिल्म है, लेकिन असल में यह पूरी तरह पारिवारिक फिल्म है। उनके मुताबिक इसमें बच्चों से लेकर घर के बुजुर्गों तक, सभी के लिए कुछ न कुछ है। उन्होंने कहा कि वे नए तरह की फिल्म लेकर आई हैं, जो दर्शकों का मनोरंजन करेगी और उन्हें अनूठा Cinema देखने को मिलेगा। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे फिल्म को खूब प्यार दें।
पोस्टर बना चर्चा का विषय
फिल्म का Poster रिलीज के पहले से ही चर्चा में है। इसमें यामी लाल साड़ी पहने कुर्सी पर बैठी दिखती हैं। उनके हाथ में चाय की प्याली है और उनका पैर भूत जैसे दिखने वाले एक आदमी पर टिका है। पीछे रावण दहन का दृश्य है, जिसे बुराई पर अच्छाई की जीत से जोड़कर देखा जा रहा है। फिल्म दशहरे पर आ रही है, इसलिए लोग पोस्टर को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। इस पोस्टर ने जयपुर के सिनेप्रेमियों का भी ध्यान खींचा है।
FICCI FLO के मंच पर भी संवाद
जयपुर दौरे के दौरान यामी गौतम FICCI FLO Jaipur चैप्टर की ओर से आयोजित एक सत्र में भी शामिल हुईं। उन्होंने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लोगों से संवाद किया।