देशभर से आए रंग, कैनवास पर चमकी नई प्रतिभाएं! ‘अखिल भारतीय युवा कलाकार प्रदर्शनी 2026’ के विजेताओं का ऐलान
जयपुर से इंदौर तक युवा कलाकारों का जलवा, 12 जून को RIC में सजेगी देश की सबसे रंगीन आर्ट प्रदर्शनी
अनन्य सोच। देशभर के युवा कलाकारों की रचनात्मक प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच देने वाली “अखिल भारतीय युवा कलाकार प्रदर्शनी 2026” के पुरस्कार विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। सुरेन्द्र पाल जोशी कला स्मृति ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा कलाकारों ने अपनी कलाकृतियों से ज्यूरी को प्रभावित किया। दो चरणों में हुई पारदर्शी ज्यूरी प्रक्रिया के बाद 9 कलाकारों को सम्मान के लिए चयनित किया गया है।
स्वर्गीय प्रख्यात कलाकार Surendra Pal Joshi की स्मृति में आयोजित यह प्रदर्शनी युवा और उभरते कलाकारों के लिए राष्ट्रीय पहचान का बड़ा मंच बन चुकी है। प्रथम चरण में देशभर से प्राप्त ऑनलाइन प्रविष्टियों का मूल्यांकन वरिष्ठ कलाकारों और कला विशेषज्ञों की ऑनलाइन ज्यूरी ने किया। इस पैनल में फरहाद हुसैन, दिलीप शर्मा और मनीष पुष्कले शामिल रहे।
24 मई को हुई अंतिम ज्यूरी, चुने गए 9 कलाकार
अंतिम फिजिकल ज्यूरी प्रक्रिया 24 मई 2026 को सम्पन्न हुई, जिसमें प्रतुल दास, मनीष पुष्कले और धर्मेन्द्र राठौड़ ने कलाकृतियों की मौलिकता, प्रस्तुति और कलात्मक अभिव्यक्ति के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
इंदौर के लकी जायसवाल ने ₹21 हजार का प्रथम पुरस्कार जीता, जबकि हनुमानगढ़ के धीरज बलिहारा को ₹10 हजार का द्वितीय पुरस्कार मिला। तृतीय पुरस्कार ऋषभ गौतम, बेनुगोपाल भोई, नैना सोमानी और साक्षी गोयल को प्रदान किया जाएगा। वहीं शुभम बैरागी, जाह्नवी जांगिड़ और चंद्रा सरदार को ज्यूरी विशेष प्रशंसा अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
12 जून से RIC में सजेगी कला की दुनिया
यह प्रदर्शनी और अवार्ड सेरेमनी 12 जून 2026 को Rajasthan International Centre में आयोजित होगी। चयनित कलाकारों की कलाकृतियाँ 12 से 14 जून तक प्रदर्शित रहेंगी।
ट्रस्ट की संस्थापक संगीता जोशी ने कहा कि यह आयोजन केवल पुरस्कार तक सीमित नहीं, बल्कि युवा कलाकारों को प्रेरणा, पहचान और राष्ट्रीय मंच देने की एक सार्थक पहल है।