मच्छरों पर ‘महायुद्ध’ की तैयारी! जून में घर-घर पहुंचेगी एंटी मलेरिया मुहिम, बुखार मिला तो तुरंत होगी जांच
राजस्थान में मलेरिया खत्म करने का बड़ा अभियान शुरू; गांवों से लेकर बॉर्डर इलाकों तक चलेगा सर्विलांस, फीवर सर्वे और जागरूकता अभियान
अनन्य सोच। बरसात से पहले राजस्थान सरकार ने मलेरिया के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। प्रदेशभर में जून माह को ‘एंटी मलेरिया माह’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान गांव-गांव और शहर-शहर विशेष जागरूकता अभियान, फीवर सर्वे, मच्छरजनित रोगों की रोकथाम और त्वरित जांच-उपचार की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
सरकार का फोकस इस बार सिर्फ इलाज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बीमारी फैलने से पहले ही उसे रोकने पर रहेगा। खास बात यह है कि जनजातीय, वन क्षेत्रों, सीमा क्षेत्रों और शहरी-परिधीय इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, जहां मलेरिया का खतरा अधिक माना जाता है।
हर बुखार मरीज की होगी जांच, गांवों तक पहुंचेगी टीम
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जून महीने में ग्राम स्तर तक रैलियां, स्कूल कार्यक्रम, जागरूकता अभियान और स्वच्छता गतिविधियां चलाई जाएंगी। प्रत्येक बुखार रोगी को ब्लड स्लाइड और आरडीटी जांच के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि संक्रमण का समय रहते पता लगाया जा सके।
ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समितियों की बैठकों में आशा सहयोगिनी, एएनएम, सीएचओ, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला और ब्लॉक स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें भी होंगी।
दूरदराज इलाकों में दवाइयों और जांच किट का विशेष इंतजाम
स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिए हैं कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में मलेरिया जांच किट, एंटी मलेरियल दवाइयों और मच्छरदानी जैसी जरूरी सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। छात्रावासों, आश्रमों, जेलों और सुरक्षा बल शिविरों में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
16 जून से चलेगा ‘हैचरीज क्रियाशील पखवाड़ा’
16 जून से 30 जून तक विशेष अभियान चलाकर पानी के गड्ढों और जलभराव वाले क्षेत्रों में गम्बूशिया मछलियां छोड़ी जाएंगी, जो मच्छरों के लार्वा को खत्म करने में मदद करती हैं। हर पॉजिटिव मरीज के आसपास 100 घरों में फीवर सर्वे और एंटी लार्वा गतिविधियां करवाई जाएंगी।
2030 तक मलेरिया मुक्त राजस्थान का लक्ष्य
केंद्र सरकार ने वर्ष 2030 तक देश को मलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया है। राजस्थान सरकार का दावा है कि इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है। अब देखना यह होगा कि जून में शुरू होने वाला यह अभियान प्रदेश को मलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में कितना असर दिखाता है।